देश की सभी योजनाओं में यूपी अग्रणी राज्य : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले जिस उत्तर प्रदेश को देश के विकास में बाधक के रूप में देखा जाता था, आज वही यूपी सभी योजनाओं में अग्रणी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके कुशल मार्गदर्शन में आज प्रदेश देश में एक नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। सर्वांगीण विकास से प्रदेश की जनता राहत महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री ने सपा का नाम लिए बिना अपने संबोधन में युवाओं की नब्ज टटोली।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से ज्यादा किसने इस पीड़ा को झेला है। उन्होंने कहाकि एक समय था जब इस जिले के नागरिकों और नौजवानों को पहचान के संकट के दौर से गुजरना पड़ा था। देश के बहुत सारे जगहों पर होटल और धर्मशालाओं में लोग जगह देने से कतराते थे। वक्त बदलने संग आजमगढ़ आज विकास की नई कहानी के साथ आगे बढ़ रहा है। अब विश्वविद्यालय यहां के युवकों की पहचान बनेगा। आने वाले कुछ दिनों में यहां के युवा अपने जिले में ही उच्च शिक्षा पा सकेंगे। मंदुरी हवाई अड्डे से उड़ान शुरु होने पर आजमगढ़ अन्य राज्यों से भी जुड़ जाएगा।
अपराह्न लगभग सवा दो बजे से शाम सवा चार बजे तक मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर रहे। उस समय आमजनता के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध था। बावजूद इसके काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आसपास के ग्रामीण सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा घेरे से बाहर जमा थे। मुख्यंत्री के आगमन और प्रस्थान के बीच उत्साहित कार्यकर्ता नारे लगाते रहे। योगी बाबा जिदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिदाबाद के नारे लगाते रहे। मुख्यमंत्री ने भी लोगों को निराश नहीं किया और हाथ हिलाकर अभिवादन किया।