सीतापुर: हत्यारोपी दो सगे भाइयों सहित चार इनामिया बदमाशों को पुलिस ने दबोचा
सीतापुर। एसपी आरपी सिंह के निर्देश पर शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्यारोपी दो सगे भाइयों सहित अलग अलग स्थानों से चार इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। हरगांव व रेउसा पुलिस ने दो-दो इनामिया बदमाशों को जेल भेजा है। जानकारी के मुताबिक हरगांव इलाके में कुछ दिन पूर्व तालगांव इलाके के एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उस मामले में तालगांव कोतवाली इलाके के कंजाशरीफपुर गांव निवासी दो सगे भाई छोटे व पप्पू नामजद थे।
दोनों की काफी समय से तलाश की जा रही थी। एसपी आरपी सिंह ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर हरगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरगांव इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। दोनों शातिरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में हरगांव के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी, दारोगा हिर प्रकाश यादव, कांस्टेबल आशीष गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार सिंह व प्रशांत बालियान शामिल थे। इसके अलावा रेउसा पुलिस ने भी दो इनामिया अभियुक्तों को पकड़ा है। एएसपी ने बताया कि रेउसा पुलिस टीम ने कोडवा धमधमपुर गांव निवासी तोताराम को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से 25 हजार एक सौ रूपए की नगदी, एक चांदी की पाजेब, तीन जोड़ी चांदी के बिछुआ बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक तोताराम शातिर चोर है। वह काफी दिनों से वांछित चल रहा था। उस पर 20 हजार का इनाम घाेषित किया गया था। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास जैसे 10 केस दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई अखिलेश कुमार, मुख्य आरक्षी दीपक वर्मा शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इनामी तोताराम को जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा रेउसा पुलिस ने तंबौर इलाके के लौकी गांव निवासी शातिर अपराधी व 25 हजार के इनामी बदमाश नसीम को गिरफ्तार किया है। नसीम गैंगस्टर के मामले में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने इन दोनों को भी जेल भेज दिया है।