इत्र से सपा के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली : स्वतंत्र देव

लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी इत्र लांच किया तो भाजपा ने तीखा कटाक्ष किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि अखिलेश चाहे जितना इत्र छिड़क लें, सपा सरकार के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली है। जारी में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सपा की पूर्व सरकार में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडाराज अपराधी व अपराध तथा सरकारी धन की खुली लूट की विषैली गंध मिट नहीं सकती है।

इसीलिए जनता से सपा को सत्ता से बेदखल किया था और अब दोबारा गुंडाराज व भ्रष्टाचार के जहरीले कॉकटेल को जनता मौका नहीं देने वाली। प्रदेशवासी अभी तक भूले नहीं हैं कि सपा कार्यकाल में किस प्रकार गुंडे, माफियाओं का महिमामंडन होता था। मंत्रियों की गाड़ियों में माफिया घूमते थे, सरकार आतंकवादियों के मुकदमें वापस ले रही थी। अब जब माफिया और गुंडों पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है,अपराधी थानों में सरेंडर कर रहे हैं।

सपाराज में सरकारी संरक्षण में हुए अवैध कब्जों पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है तो अखिलेश यादव को दर्द हो रहा है। कहा कि जो 24 घंटे मोहम्मद अली जिन्ना के नाम की माला जपता हो उसे प्रदेश का विकास कभी नही दिख सकता। उसे तो सिर्फ विभाजन के ही स्वप्न दिखाई देते है। मुजफ्फरनगर के दंगे और कैराना से पलायन इन्हीं नीतियों का ही परिणाम था।

Related Articles

Back to top button