सदस्यता अभियान के दौरान बोले विधायक ज्ञान तिवारी, भाजपा जो कहती है, वो करती है
सीतापुर। सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि भाजपा ने देश व प्रदेश में शासन कर साबित कर दिया है कि वह जो कहती है, वही करती है। रेउसा व रामपुर मथुरा में भाजपा के सदस्यता अभियान और मेरा परिवार-भाजपा परिवार के समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा ने गरीब कल्याण योजनाओं से लेकर भारत की एकता और अखंडता के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार किया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा देश की कमान सौंपी तो अयोध्या विवाद को समाप्त कर वहां श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य रामंदिर का निर्माण शुरू कर पांच सौ वर्ष के कलंक को भी साफ किया है।
उन्होंने कहा कि पहले हर भारतीय के मन में टीस होती थी कि काश अयोध्या में राम मंदिर बन जाए। अब मंदिर बनता देख हर भारतीयों को गौरव की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश ने एक अंगड़ाई ली तो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में नई राष्ट्रीय चेतना जागृत हुई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 के बाद शासन की योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं तक पहुंचाया साथ ही भारत और भारतीयता के मूल्यों की पुनर्स्थापना भी की।
उन्होंने कहा कि यह तब ही संभव हुआ, जब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कार्यकर्ता ने जाति, मत और मजहब की दीवार को तोड़कर और दंगाइयों को मात देकर पूरी मेहनत के साथ भाजपा की सरकार बनाई। विधायक ने कहा हाल में ही दीपावली पर्व पर अयोध्या में जो दीप उत्सव कार्यक्रम हुआ उसे पूरी दुनिया ने देखा। इस कार्यक्रम से भारत की गरिमा महत्व पूरी दुनिया में छा गई है। विधायक ने कहा कि सभी लोगों को भाजपा से जोड़ा जाए और आने वाले 2022 के चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में हम सब लोग पूरे मनोयोग से लगे। इस अवसर पर भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।