माघी पूर्णिमा पर अपनी राशि के मुताबिक करें यह काम और दान तो सुखी होगा जीवन

प्रयागराज । माघ शुक्लपक्ष की पूर्णिमा तिथि अर्थात माघी पूर्णिमा स्नान पर्व आने वाला है। इसके साथ संगम तट पर चल रहा भजन, पूजन खत्म हो जाएगा। संत मठ-मंदिरों में जाएंगे। कल्पवासी अगले वर्ष पुन: आने का संकल्प लेकर घर-गृहस्थी में लौट जाएंगे। माघी पूर्णिमा पर स्नान-दान का विशेष महत्व है। ग्रह-नक्षत्रों के मिलन से अबकी विशेष संयोग बन रहा है। ज्योतिर्विद आचार्य अविनाश राय के अनुसार पूर्णिमा तिथि 15 फरवरी की रात 9.22 बजे लगकर 16 फरवरी की रात 10.20 बजे तक रहेगी। स्नान-दान की पूर्णिमा 16 फरवरी को मनाई जाएगी। श्लेषा नक्षत्र दोपहर 3.12 बजे तक है। इसके बाद मघा नक्षत्र लगेगा। शोभन योग लगने से स्नान पर्व का महत्व बढ़ गया है। धनु राशि में मंगल व शुक्र, मकर राशि में शनि व बुध, कुंभ राशि में वृहस्पति व सूर्य का संचरण होगा।पराशर ज्योतिष संस्थान के निदेशक आचार्य विद्याकांत पांडेय के अनुसार मत्स्य पुराण के अनुसार माघ मास की पूर्णिमा तिथि पर स्वर्ग लोक से देवता पृथ्वी पर आते हैं। वे मनुष्य के स्वरूप में संगम में स्नान करते हैं। संगम व गंगा के पवित्र जल में स्नान करके गरीबों को भोजन, वस्त्र, गुड़, कपास, देशी घी, फल व अन्न दान करने वालों को ब्रह्मलोक की प्राप्ति होती है। जीवन में सुख-समृद्धि आती है। माघी पूर्णिमा पर स्नान के बाद जल ग्रहण करना चाहिए। आहार, विहार व आचरण शुद्ध रखें। रात में जल में सफेद फूल डालकर चंद्रमा को अघ्र्य देना चाहिए।
माघी पूर्णिमा पर राशियों के अनुसार करें दान
मेष : लाल मसूर की दाल को लाल वस्त्र में बांधकर किसी ब्राह्मण को दान करने से समस्त बाधाएं दूर होंगी।
वृषभ : कन्या को खीर खिलाने से सौभाग्य की प्राप्ति होगी।
मिथुन : ब्राह्मण को मूंग की दाल दान करने सुख-समृद्धि बढ़ेगी।
कर्क : जरूरतमंद व्यक्ति को लाल वस्त्र में आटा और गुड़ बांधकर दान करने से आर्थिक परेशानी कम होगी।
सिंह : गरीब व्यक्ति को सात प्रकार के अनाज का दान करने से जिंदगी खुशहाल रहेगी।
कन्या : भगवान विष्णु को बेसन के लड्डू भोग लगाने से दुख दूर होगा।
तुला : गाय को खीर या गुड़ खिलाने से ऐश्वर्य की प्राप्ति होगी।
वृश्चिक : निर्धन व्यक्ति को भोजन कराकर वस्त्र दान करना कल्याणकारी रहेगा।
धनु : कपड़े में पीले फूल और चने की दाल बांधकर जरूरतमंद को दान करना चाहिए।
मकर : तेल में बनी पूरियां गरीबों को देने से समृद्धि आएगी।
कुंभ : काले वस्त्र में तिल और सरसों के तेल का डब्बा बांधकर ब्राह्मण को देने से मनोवांछित फल प्राप्त होगा।
मीन : काला कंबल दान देने से समृद्धि आएगी।

Related Articles

Back to top button