Pawan Singh Bhojpuri Bawal: चलने वाला नहीं, उड़ने वाला देसी मुर्गा लाओ…’, शेफ बने पवन सिंह ने बिहारी स्टाइल में बनाया चिकन, बताए स्वाद का सीक्रेट
'भोजपुरी बवाल' के वायरल प्रोमो में दिखा पावर स्टार का अलग अंदाज, देसी चिकन बनाने की रेसिपी और कुकिंग टिप्स ने जीता फैंस का दिल
Pawan Singh Bhojpuri Bawal: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने नए रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर चर्चा में हैं। अभिनय और गायकी के बाद अब उनका शेफ वाला अंदाज भी दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। शो के एक वायरल प्रोमो में पवन सिंह बिहारी स्टाइल में देसी चिकन बनाते नजर आ रहे हैं। उनकी कुकिंग स्टाइल, मजेदार अंदाज और खास रेसिपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
‘चलने वाला नहीं, उड़ने वाला देसी मुर्गा लाओ’
वायरल प्रोमो की शुरुआत में पवन सिंह अपने साथियों से कहते हैं कि उन्हें ऐसा देसी मुर्गा चाहिए जो “चलने वाला नहीं, उड़ने वाला” हो। इसके बाद उनके साथी गांव में देसी मुर्गा पकड़ते दिखाई देते हैं, जबकि पवन सिंह किचन में चिकन बनाने की तैयारी शुरू कर देते हैं।
बिहारी स्टाइल चिकन की बताई खास रेसिपी
चिकन बनाते समय पवन सिंह प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और धनिया काटते नजर आते हैं। इसी दौरान वह अपनी स्पेशल रेसिपी का राज भी बताते हैं। उनका कहना है कि असली बिहारी स्टाइल चिकन या मटन में टमाटर नहीं डाला जाता। इसके बजाय साबुत और पिसे हुए मसालों का संतुलित इस्तेमाल स्वाद को अलग पहचान देता है।
‘सारा खेल चूल्हे की आंच का होता है’
मैरिनेट किए गए चिकन को मसालों के साथ अच्छी तरह भूनते हुए पवन सिंह कहते हैं कि स्वादिष्ट चिकन बनाने का सबसे बड़ा राज सही आंच है। उनका कहना है कि अगर चूल्हे की आंच सही होगी, तभी मसाले और चिकन का स्वाद पूरी तरह निखरकर सामने आएगा।
दोस्तों संग मस्ती ने जीता दिल
चिकन तैयार होने के बाद सेट पर मौजूद एक दोस्त मजाक में कहता है कि इसे बेच दिया जाएगा। इस पर पवन सिंह तुरंत जवाब देते हैं, “अगर बेच देंगे तो हम क्या खाएंगे?” उनका यह मजेदार अंदाज देखकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं। यही पल सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है।
फैंस ने की जमकर तारीफ, कुछ ने जताई नाराजगी
पवन सिंह का शेफ अवतार फैंस को काफी पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी कुकिंग और देसी अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। हालांकि, कुछ यूजर्स ने सावन के महीने में चिकन बनाने वाले वीडियो पर आपत्ति भी जताई। शो से जुड़े लोगों के अनुसार यह एपिसोड सावन शुरू होने से पहले ही शूट किया गया था।
2 अगस्त से शुरू हुआ ‘भोजपुरी बवाल’
रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का प्रसारण 2 अगस्त से टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शुरू हो चुका है। शो में पवन सिंह के अलावा दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी नजर आ रहे हैं। यह शो दर्शकों को भोजपुरी सितारों की प्रोफेशनल और निजी जिंदगी की अनदेखी झलक दिखाने का दावा करता है।



