Sonbhadra News-सीएमओ आवास पर चल रहा स्वास्थ्य विभाग का ‘समानांतर दफ्तर’, मूल तैनाती छोड़ साहब की सेवा में जुटे मलेरिया निरीक्षक
Sonbhadra News: Health Department running a 'parallel office' at the CMO's residence; Malaria Inspector, instead of performing his assigned duties, is busy serving the 'boss'.
Sonbhadra News-जिले के स्वास्थ्य विभाग में दलाली प्रथा हावी होती जा रही है। कार्यालय के ही कुछ चर्चित कर्मी वर्षों से अपनी पैठ बनाए बैठे हैं। स्वास्थ्य विभाग की बात करें तो यहां पी.के. के साथ ही एक-दो कर्मी का नाम इन दिनों खूब चर्चा में है। आरोप है कि पी.के. और आउटसोर्सिंग कर्मी के इशारे पर स्वास्थ्य विभाग की अधिकांश फाइलें आगे बढ़ती हैं। सीएमओ भी इन दिनों कर्मियों के खास बताए जा रहे हैं।
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि मलेरिया निरीक्षक के पद पर कार्यरत प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पी.के. पिछले करीब 18 वर्षों से सोनभद्र में कार्यरत हैं। आरोप है कि सीएमओ के करीबी व विश्वसनीय खास होने के नाते मलेरिया निरीक्षक पी.के. सिंह अपने मूल तैनाती स्थल के बजाए सीएमओ आवास पर अपनी सेवा निरंतर देते चले आ रहे हैं। सबूत के तौर पर सीएमओ आवास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज देखा जा सकता है। इनके पास आय से अधिक चल व अचल संपत्ति होने का भी दावा किया जा रहा है।
डीएम और विधायक भी कर चुके हैं पत्राचार
वर्ष 2023 में तत्कालीन जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह ने इन पर नियम विरुद्ध व पदीय दायित्वों के इतर कार्य करने का जिक्र करते हुए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश शासन को पत्राचार किया था। इसके अलावा मिर्जापुर छानवे के तत्कालीन विधायक स्व. राहुल प्रकाश भी वर्ष 2021 में इनके खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्राचार कर गंभीर आरोप लगा चुके थे। हालांकि तत्कालीन डीएम द्वारा किए गए पत्राचार का भी मलेरिया निरीक्षक पर कोई फर्क नहीं पड़ा। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम के कुछ खास व्यक्तियों तक उनकी ऊंची पहुंच होने का खुद करते हैं चर्चा ।

सीएमओ आवास पर आउटसोर्सिंग कर्मी की मौजूदगी भी चर्चा में
सूत्रों ने बताया कि पी.के. सिंह की तरह ही एक-दो आउटसोर्सिंग कर्मी का भी नाम इन दिनों खूब चर्चा में है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग के हुक्मरानों की कृपा से कर्मी इन दिनों सीएमओ आवास में अपनी सेवा दे रहा है।
सूत्रों ने शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी से उच्च स्तरीय जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। उधर लगाए जा रहे आरोपों के बावत मुख्य चिकित्साधिकारी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। लिहाजा सीएमओ का पक्ष नहीं लिया जा सका।
रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र



