adevertisment Adevertiisment banner

फ्रांस के राष्ट्रपति व सिंगापुर के प्रधानमंत्री से पीएम मोदी ने की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

रोम। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां जी-20 शिखर बैठक के इतर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से द्विपक्षीय भेंट की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां बताया कि पीएम मोदी ने जी-20 शिखर बैठक के दौरान अलग से द्विपक्षीय बैठकों के क्रम में सबसे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति श्री मैक्रों से भेंट की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत एवं फ्रांस के बीच सहयोग के बारे में चर्चा की और रणनीतिक साझीदारी के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने विभिन्न वैश्विक एवं क्षेत्रीय घटनाओं को लेकर भी विचार विमर्श किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके कहा कि भारत एवं फ्रांस विभिन्न क्षेत्रों में गहन सहयोग कर रहे हैं। आज की बातचीत दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और गति प्रदान करेगी। बागची ने कहा कि पीएम मोदी की अगली बैठक सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के साथ हुई। दोनों ने जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय यात्रा खोलने के बारे में बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत सिंगापुर द्विपक्षीय संबंधों की समग्रता से समीक्षा की और इसे अधिक मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी बात की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और श्री ली सीन लूंग के बीच बहुत ही सार्थक एवं उपयोगी बातचीत हुई। दोनों ने भारत एवं सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। द्विपक्षीय मुलाकातों के अलावा जी-20 बैठक में आये विभिन्न विश्व नेताओं से भी श्री मोदी की अनौपचारिक बातचीत हुई। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन, संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरस, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक ग्रेबेसस ट्रूडो शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button