adevertisment Adevertiisment banner

पीएम मोदी आज करेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन, योगी ने कहा, “आभार प्रधानमंत्री जी”

सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र को विकास की सरपट राह पर दौड़ाने के मकसद से नवनिर्मित ‘पूर्वांचल एक्सप्रेस वे’ का मंगलवार को लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से आज उत्तर प्रदेशवासियों के स्वप्नों और आशाओं के राजपथ ‘पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे’ का उद्घाटन होगा। यह एक्सप्रेस-वे आम जनमानस के जीवन में विकास के नए युग का सूत्रपात करेगा व पूर्वांचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा। आभार प्रधानमंत्री जी!”

योगी ने कहा, “बहुपक्षीय विकास का सेतु ‘पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे’ सुगम यात्रा का माध्यम बनने के साथ ही उ.प्र. की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी बनेगा। निःसंदेह, यह एक्सप्रेस-वे आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने के संकल्प को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगा।”

माना जा रहा है कि पूर्वांचल क्षेत्र के लिये यह राजमार्ग विकास और रोजगार की संभावनाओं के लिये मील का पत्थर साबित होगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का सुल्तानपुर में लोकार्पण करेंगे। इसके लिये वह दोपहर 1:10 बजे अमठी स्थित फुरसतगंज हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से सुल्तानपुर के लिये रवाना होकर 1:55 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद एक्सप्रेस वे पर निर्मित आपात हवाई पट्टी पर प्रधानमंत्री मोदी 3:25 बजे लड़ाकू विमानों का एयर शो देखेंगे। लगभग 45 मिनट के इस कार्यक्रम में सुखोई, मिराज, राफेल, एएन 32 जैसे लड़ाकू विमानों का एक्सप्रेस-वे पर टच डाउन होगा। कार्यक्रम के समापन पर शाम चार बजे प्रधानमंत्री वापस दिल्ली रवाना हो जायेंगे।

Related Articles

Back to top button