adevertisment Adevertiisment banner

अखिलेश यादव के बयान पर सियासत तेज, भाजपा नेताओं ने खोला मोर्चा

लखनऊ। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। उन्होंने जिन्ना को गांधी, नेहरू और पटेल की तरह आजादी का नायक बताया है। इस बयान के बाद भाजपा ने अखिलेश के खिलाफ जमीन से लेकर सोशल मीडिया तक मोर्चा खोल दिया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ये समाजवादी पार्टी नहीं बल्कि नमाजवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अली जिन्ना को देश से माफी मांगनी चाहिए।

अखिलेश ने भारत रत्न सरदार पटेल की तुलना जिन्ना से कर हिंदुओं का अपमान किया है। भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश का भाषण ट्वीट कर पूछा कि सरदार पटेल की जयंती पर अखिलेश यादव मोहम्मद अली जिन्ना का गुणगान क्यों कर रहे है ? उन्होंने बयान जारी कर सोमवार को कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव देशद्रोहियों और देश तोड़ने वालों के साथ खड़े हैं। भारत को अखंडता के सूत्र में बांधने वाले सरदार बल्लभ भाई पटेल से देश को तोड़ने वाले जिन्ना की तुलना देश व राष्ट्रीयता का अपमान है। यह बताता है कि सपा और उसके मुखिया देश द्रोहियों के साथ खड़े हैं।

इस पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सपा और सांप। दोनों में एक समानता है। मुंह खोलने पर दोनों जहर ही उगलेंगे। दोनों का इलाज भी एक ही है। फन कुचलना। सांप तो जहां दिखता है, लोग उसका इलाज कर देते हैं। इस बार जनता भी वोट रूपी लाठी लेकर सपा का फन कुचलने के लिए तैयार बैठी है। बस उसे चुनाव की प्रतीक्षा है। उन्होंने कहा कि कुछ मायनों में तो सपा, सांप से भी अधिक खतरनाक है। इसके द्वारा तुष्टीकरण की राष्ट्रघाती राजनीति, जाति, क्षेत्र और मजहब के आधार पर समाज में जहर घोलना इसका सबूत है।

इस पर मंत्री मोहसिन रजा ने ट्वीट कर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि समय रहते देश को समझ लेना चाहिए कि जिन्ना वाली आजादी की मांग करने वाले हमारे देश में कौन-कौन जिन्नावादी हैं, जिन्हें जिन्ना के रिश्तेदारों से वोटों की आस है। भाजपा के अन्य नेताओं ने भी अखिलेश पर जाति और मजहब की राजनीति का आरोप मढ़ा। इस पर प्रदेश भाजपा के ट्वीटर हैंडल से वार किया कि जिन्ना-प्रेम वाली मानसिकता की गुलामी में जी रहे अखिलेश को देश के विभाजनकारी और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महापुरुषों में फर्क नहीं पता। दरअसल ये फर्क है नजरिए का, जो तुष्टिकरण का चश्मा लगाए अखिलेश को नहीं दिख सकता।

एमएलसी अविनाश सिंह ने अखिलेश का फूंका पुतला

भाजपा एमएलसी अविनाश सिंह ने सोमवार को हजरतगंज स्थित सरदार पटेल प्रतिमा के सामने अखिलेश यादव का पुतला फूंका। अखिलेश के बयान पर अपने समर्थकों के साथ एमएलसी और गोंडा चुनाव प्रभारी अविनाश सिंह ने जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव से पहले जातिवाद व सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास कर रहे है।

Related Articles

Back to top button