Pratapgarh News-अर्जुन गौतम की मौत पर मोलनापुर पहुंचेगा सपा का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, परिजनों से करेगा मुलाकात

Pratapgarh News: A 12-member SP delegation will visit Molnapur following the death of Arjun Gautam and meet his family members.

Pratapgarh News-पट्टी कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर निवासी शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामले में समाजवादी पार्टी ने प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है। सपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 26 सितंबर, शनिवार को 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मोलनापुर पहुंचेगा।

प्रतिनिधिमंडल में सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल, सांसद पुष्पेंद्र सरोज, विधायक त्रिभुवन दत्त, विधायक तृप्ति सरोज, समाजवादी पार्टी के उप मुख्य सचेतक एवं विधायक डॉ. आरके वर्मा और विधायक राम सिंह पटेल समेत पार्टी के पदाधिकारी और पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सपा का यह प्रतिनिधिमंडल मृतक शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन के परिजनों से मुलाकात करेगा। इस दौरान परिवार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

पार्टी नेतृत्व ने प्रतिनिधिमंडल को पूरे मामले की जानकारी एकत्र करने और अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए हैं। प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर मामले में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

घटना के बाद गांव में बढ़ी राजनीतिक हलचल

शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत के बाद से ही मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जा रही है।

सपा नेताओं के अनुसार, पार्टी नेतृत्व मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेज रहा है। प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश नेतृत्व को आगे की जानकारी दी जाएगी।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के गांव पहुंचने पर रोक लगाई गई थी। ऐसे में सपा के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का मोलनापुर पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता

Read Also-Sonbhadra News-बिरसा मुंडा विद्यालय में गूंजा वंदेमातरम्, 175 छात्रों ने किया सामूहिक गायन

Related Articles

Back to top button