Pratapgarh News:प्रतापगढ़ के अशोक मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, काशी क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्य बने
Pratapgarh News: Ashok Mishra from Pratapgarh entrusted with a major responsibility; becomes a member of the Kashi Region Working Committee.
Pratapgarh News:भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में प्रतापगढ़ के वरिष्ठ कार्यकर्ता अशोक मिश्रा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्हें काशी क्षेत्र कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। प्रतापगढ़ से इकलौते सदस्य के रूप में चयन होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। काशी प्रांत किसान मोर्चा के पूर्व महामंत्री अभय प्रताप सिंह पप्पन और जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अशोक मिश्रा को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि अशोक मिश्रा के अनुभव और सक्रियता से पार्टी संगठन को काशी क्षेत्र में और मजबूती मिलेगी। उनके कार्यसमिति सदस्य बनने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।
नेतृत्व का जताया आभार
कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अशोक मिश्रा को नई जिम्मेदारी दिए जाने पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रतापगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अशोक मिश्रा को जिम्मेदारी मिलने की जानकारी के बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस मौके पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, महामंत्री पंकज मिश्र, मनीष शुक्ल, संतोष तिवारी, सुभाष प्रजापति समेत अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



