Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में अभ्युदय कोचिंग का डीएम ने लिया जायजा, छात्रों से संवाद कर परखी तैयारी

Pratapgarh News: DM inspects Abhyudaya Coaching in Pratapgarh; interacts with students to assess their preparation.

Pratapgarh News:प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गुरुवार को एमडीपीजी कॉलेज और जीआईसी कॉलेज प्रतापगढ़ में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने कक्षाओं की व्यवस्थाएं देखीं और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

सुविधाओं में कमी मिलने पर दिए सुधार के निर्देश

एमडीपीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान दो कक्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं संचालित होती मिलीं। एक कक्ष में डिजिटल बोर्ड और दोनों कक्षों में एसी की सुविधा नहीं थी। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को विद्यार्थियों के लिए डिजिटल बोर्ड, एसी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद जीआईसी कॉलेज स्थित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर की सुविधा नहीं मिली। डीएम ने तत्काल वाटर कूलर लगवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों को दूसरे हॉल में स्थानांतरित करने तथा पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था कराने को भी कहा।

खराब रास्ते का तैयार होगा एस्टीमेट

कोचिंग सेंटर तक पहुंचने वाला रास्ता भी निरीक्षण के दौरान संतोषजनक स्थिति में नहीं मिला। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रास्ते का एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराया जा सके।

विद्यार्थियों से पूछे प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कोचिंग में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं से उनकी तैयारी के बारे में बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे। साथ ही बेहतर तैयारी के लिए उनका उत्साह बढ़ाया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के बीच मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।

अभ्युदय कोचिंग केंद्रों में UPSC, UPPCS, SSC, NEET, JEE, NDA और CDS सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

सुमित्रानंदन पंत की कुटिया का भी निरीक्षण

कोचिंग केंद्रों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कालाकांकर स्थित प्रसिद्ध कवि सुमित्रानंदन पंत की कुटिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में मनरेगा योजना के तहत वर्ष 2023-24 में निर्मित सीढ़ी और मनरेगा पार्क का जायजा लिया।

डीएम ने कुटिया परिसर के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, कालाकांकर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Read Also-UP News-यूपी में डेयरी उद्योग को मिल रही रफ्तार, निवेश बढ़ा तो गांवों में खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

Related Articles

Back to top button