adevertisment Adevertiisment banner

राष्ट्रपति कोविंद, राजनाथ व अमित शाह ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को समूचे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची में भगवान बिरसा मुंडा के संग्रहालय का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

कोविंद ने सोमवार को एक ट्वीट संदेश में कहा, “भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवम्बर को सारा देश ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मना रहा है। राज्य स्‍थापना दिवस के अवसर पर झारखंड की जनता को शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों और परिश्रमी निवासियों के बल पर झारखंड प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा, “धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में एक प्रभावी भूमिका निभाई और जनजातीय समाज को इस आंदोलन से जोड़ा। देश की आज़ादी और समाज के कल्याण के लिए बलिदान देने को तत्पर रहे बिरसा मुंडा जी को मैं नमन करता हूँ।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “प्राकृतिक सौंदर्य, खनिज संपदा, गौरवशाली इतिहास व संस्कृति से समृद्ध झारखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा के त्याग व संघर्ष की इस तपोभूमि के विकास हेतु मोदी सरकार निरंतर समर्पित है। मैं प्रदेश की प्रगति व समृद्धि की कामना करता हूं।”

Related Articles

Back to top button