संसद मार्ग थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा, पैलेट गन मामले में FIR की मांग पर राहुल-प्रियंका धरने पर; पुलिस ने कही ये बात

जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल साहिल लोचव की शिकायत पर FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

दिल्ली में शुक्रवार को पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान घायल हुए साहिल लोचव के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। राहुल गांधी की मांग थी कि पैलेट गन से घायल साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज की जाए। पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

कुछ देर बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं और राहुल गांधी के साथ धरने में शामिल हो गईं। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी वहां पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई।

पैलेट गन से घायल साहिल को लेकर थाने पहुंचे राहुल

राहुल गांधी के साथ साहिल लोचव भी संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। बताया गया है कि साहिल पिछले महीने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए थे। साहिल ने कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी।

कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि साहिल 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस के पास लिखित शिकायत लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें I/O नंबर या शिकायत की स्वीकारोक्ति नहीं दी गई। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी मामले को लेकर संपर्क किया गया, लेकिन कांग्रेस के मुताबिक कोई I/O नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया।

राहुल गांधी ने DCP से की करीब 45 मिनट तक बातचीत

थाने पहुंचने के बाद राहुल गांधी पहले DCP कार्यालय के अंदर गए और अधिकारियों से बातचीत की। दोनों के बीच करीब 40 से 45 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान साहिल ने पुलिस को कथित पैलेट गन से घायल होने की पूरी जानकारी दी।

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने शिकायत लेने और मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की बात कही। हालांकि, FIR दर्ज करने को लेकर सहमति नहीं बनने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामला संज्ञेय अपराध से जुड़ा है, इसलिए FIR दर्ज की जानी चाहिए। राहुल गांधी इसी मांग पर अड़े हुए हैं।

प्रियंका गांधी भी धरने में शामिल

राहुल गांधी के धरने की जानकारी मिलने के बाद प्रियंका गांधी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। उन्होंने भी राहुल गांधी और साहिल लोचव के साथ धरना दिया। देखते ही देखते मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ने लगी।

थाने के बाहर बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी। कांग्रेस नेताओं की ओर से लगातार FIR दर्ज करने की मांग की जा रही है।

Sujit Bose Bail Case: TMC नेता सुजीत बोस की जमानत पर बड़ा ट्विस्ट, जज सुव्र घोष ने खुद को केस से किया अलग

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के संपर्क में हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत पीड़ित की ओर से दी गई है और 20 जुलाई को दर्ज किए गए मामलों की जांच पहले से ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता को बताया गया है कि उनकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी। ऐसे में अब पूरा विवाद इस बात पर केंद्रित है कि पैलेट गन से घायल होने की शिकायत पर अलग से FIR दर्ज होगी या मामले को पहले से चल रही जांच में शामिल किया जाएगा।

फिलहाल संसद मार्ग थाने के बाहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के धरने के चलते दिल्ली की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगा रही है, वहीं पुलिस का कहना है कि संबंधित मामलों की जांच क्राइम ब्रांच पहले से कर रही है।

Related Articles

Back to top button