Salman Khan Ramayana: 40% शूटिंग के बाद क्यों बंद हो गई थी सलमान की ‘रामायण’? ब्रेकअप से बिगड़ा पूरा प्रोजेक्ट
1990 के दशक में सोहेल खान सलमान खान और सोनाली बेंद्रे को लेकर 'रामायण' बनाने की तैयारी में थे। फिल्म की करीब 40 फीसदी शूटिंग भी पूरी हो चुकी थी, लेकिन एक रिश्ते में आई दरार के बाद यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।
Salman Khan Ramayana: आज जब रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ को लेकर लगातार चर्चा हो रही है, तब सलमान खान की उस अधूरी ‘रामायण’ की कहानी भी दिलचस्प है, जिसमें वह भगवान राम का किरदार निभाने वाले थे। यह प्रोजेक्ट करीब तीन दशक पहले शुरू हुआ था और इसे सलमान के भाई सोहेल खान डायरेक्ट कर रहे थे।
फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी थी। सोहेल खान ने इस प्रोजेक्ट के लिए सलमान खान को भगवान राम के रोल में और सोनाली बेंद्रे को माता सीता के किरदार में कास्ट किया था। फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो गई थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 40 फीसदी हिस्सा शूट किया जा चुका था।
लेकिन इसके बाद कुछ ऐसे घटनाक्रम हुए कि फिल्म की पूरी योजना ही बदल गई और आखिरकार यह प्रोजेक्ट हमेशा के लिए बंद हो गया।
सोहेल खान और पूजा भट्ट की कहानी से जुड़ा था प्रोजेक्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1990 के दशक में सोहेल खान ने ‘रामायण’ पर एक बड़े बजट की फिल्म बनाने का फैसला किया था। इस प्रोजेक्ट से एक्ट्रेस पूजा भट्ट भी जुड़ी हुई थीं। इसी दौरान सोहेल और पूजा के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे।
बताया जाता है कि करीब 1995 के आसपास दोनों की शादी को लेकर भी चर्चा होने लगी थी। हालांकि, सोहेल खान उस समय अपने डायरेक्शन करियर पर ध्यान देना चाहते थे, जबकि पूजा भट्ट शादी से पहले कुछ और समय तक अपने करियर को जारी रखना चाहती थीं।
पूजा ने उस दौर में एक इंटरव्यू में भी शादी को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र किया था।
सलीम खान की आपत्ति के बाद बदली कहानी?
कहानी में बड़ा मोड़ तब आया जब रिपोर्ट्स के मुताबिक सोहेल खान के पिता और मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान ने पूजा भट्ट के साथ उनकी शादी को लेकर आपत्ति जताई।
सलीम खान की आपत्ति की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी स्पष्ट जानकारी कभी सामने नहीं आई। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने सोहेल को पूजा से अलग होने की सलाह दी थी।
इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते में दूरी बढ़ी और आखिरकार सोहेल खान और पूजा भट्ट का ब्रेकअप हो गया।
ब्रेकअप के बाद फिल्म पर लगा ब्रेक
सोहेल और पूजा के रिश्ते में आई दरार का असर कथित तौर पर ‘रामायण’ प्रोजेक्ट पर भी पड़ा। पूजा भट्ट फिल्म से अलग हो गईं और इसके बाद फिल्म की रफ्तार भी धीमी पड़ गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि तब तक फिल्म का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा शूट हो चुका था। यानी प्रोजेक्ट पर काफी काम और पैसा लग चुका था।
सोहेल खान ने कथित तौर पर फिल्म को बचाने और दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई। आखिरकार यह महत्वाकांक्षी फिल्म बंद हो गई।
सलमान के हाथ से निकल गया भगवान राम का रोल
अगर यह फिल्म पूरी हो जाती तो सलमान खान को पहली बार भगवान राम के किरदार में बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलता। लेकिन फिल्म बंद होने के कारण सलमान का यह सपना अधूरा रह गया।
सोनाली बेंद्रे भी इस प्रोजेक्ट में माता सीता का किरदार निभाने वाली थीं। इस तरह एक बड़ी स्टारकास्ट और बड़े बजट के बावजूद फिल्म दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी।
अब रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पर नजर
दिलचस्प बात यह है कि कई साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर ‘रामायण’ को लेकर बड़ी तैयारी हो रही है। रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है।
ऐसे में सलमान खान की अधूरी ‘रामायण’ की कहानी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अगर 1990 के दशक की वह फिल्म पूरी हो जाती, तो शायद भारतीय सिनेमा के इतिहास में सलमान खान की पहचान एक अलग तरह के किरदार के साथ दर्ज होती।



