adevertisment Adevertiisment banner

सीतापुर: खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, पिटाई से महिला की मौत

सीतापुर। कोतवाली इलाके के जालेपारा गांव में शनिवार की शाम खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद खूनी सघर्ष हो गया। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडें व कांता-बल्लम चले। इस फौजदारी में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियों सहित दोनों पक्षों के पांच लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को सीएचसी मिश्रिख भेजा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के बेटे ने थाने में पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।


मिश्रिख कोतवाली इलाके के जालेपारा गांव निवासी बालकराम व संतराम के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवादित जमीन पर शनिवार की शाम खूंटा गाड़ने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दोनों ओर के लोग लामबंद होकर आ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों में खूनी सघर्ष शुरू हो गया। बताते हैं कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियों व कांता-बल्लम से हमला कर दिया। इस फौजदारी में एक पक्ष से संतराम की पचास वर्षीय पत्नी सताना व उसकी बेटी छाया व आरती जख्मी हुईं, जबकि दूसरे पक्ष से सालिगराम, बालकराम व विनय कुमार जख्मी हुए।

घायलाें को फौरन सीएचसी मिश्रिख लाया गया। यहां से गंभीर रूप से जख्मी सताना को जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में सताना ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य लोगों को इलाज जारी है। इस बीच खबर पाकर पुलिस भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की है। बताते हैं कि इस घटना को लेकर मृतका के बेटे शिवचरन ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस बारे में मिश्रिख इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह का कहना है कि दो पक्षों में मारपीट हुआ है। जिसमें जख्मी एक महिला की मौत की सूचना मिली है। मृतका के पक्ष से तहरीर आई है। मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button