adevertisment Adevertiisment banner

सीतापुर: 13 लाख कैश के साथ पकड़ा गया नेपाली युवक, मुंबई पुलिस से मिला था इनपुट

सीतापुर। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सोमवार को सीतापुर पुलिस ने लखीमपुर से बहराइच जा रही टूरिस्ट बस में चेकिंग के दौरान नेपाल के एक युवक को पकड़ा है। उसके कब्जे से पुलिस ने करीब 13 लाख 25 हजार इंडियन कैश बरामद किया है। सूत्रों का दावा है कि मुंबई में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात अंजाम देकर नेपाली युवक कैश व जेवरात लेकर नेपाल भागा जा रहा था। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। उससे पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस भी सीतापुर पहुंच रही है। इस प्रकरण में पुलिस खुलकर कुछ बताने से कतरा रही है।

लखीमपुर की सीमा से सटे बहराइच मार्ग पर जिले के लहरपुर कोतवाली की भदफर पुलिस चौकी है। यहां के चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने लखीमपुर से बहराइच की ओर जा रही एक टूरिस्ट बस रोक कर उसमें सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक युवक के पास से करीब 13 लाख 25 हजार रुपए कैश बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस घटना को लेकर पुलिस सूत्रों का दावा है कि मुंबई में दो नवंबर को चोरी की एक बड़ी वारदात हुई थी। उस घटना में लाखों की नकदी व जेवरात चोरी हुए थे।

मुंबई पुलिस चोरी की उस घटना का खुलासा करने के लिए जुटी थी। इस बीच मुंबई पुलिस को खबर लगी कि इस चोरी में गया कैश व जेवरात लेकर एक युवक नेपाल भागा जा रहा है। जिसके चलते मुंबई पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी। पुलिस सूत्र बताते हैं कि मुंबई पुलिस ने सीतापुर पुलिस से संपर्क कर नेपाल जा रहे युवक के बारे में इनपुट दिए। जिसके चलते जिले के लहरपुर कोतवाली की भदफर पुलिस ने सोमवार को लखीमपुर से बहराइच जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक के बैग की तलाशी ली तो पुलिस के होश उड़ गए। सूत्रों का दावा है कि युवक के बैग से 13 लाख 25 हजार कैश बरामद हुआ।

कुछ जेवारात बरामद होने की भी चर्चाएं हैं। सूत्रों का दावा है कि पकड़े गए युवक का नाम अनिल पुत्र गंगाराम है। वह नेपाल के जिला कैलाली का रहने वाला है। उसे हिरासत में लेकर सीतापुर पुलिस पूछताछ कर रही है। उसके साथ और कौन है, वह इतना कैश कहां से लाया आदि के बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि मुंबई पुलिस भी हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के लिए सीतापुर पहुंच रही है। पकड़े गए युवक व घटना को लेकर पुलिस अधिकारी कुछ नहीं बता रहे हैं।

एएसपी उत्तरी डाक्टर राजीव दीक्षित व सीओ लहरपुर का कहना है कि वह ड्यूटी में जिले से बाहर हैं। एसपी आरपी सिंह का सीयूजी नंबर उनके पीआरओ ने उठाते हुए बताया कि मुंबई पुलिस की सूचना पर एक चोर को पकड़ा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मुंबई पुलिस भी आ रही है। इसके बारे में ज्यादा जानकारी मुंबई पुलिस ही दे पाएगी। हालांकि पीआरओ ने पकड़े गए युवक के नाम-पते की पुष्टि है।

Related Articles

Back to top button