SSC CGL 2026: 30 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा, नए सेक्शन टाइमिंग नियम से देना होगा एग्जाम
SSC CGL 2026: इस बार हर सेक्शन के लिए अलग टाइम स्लॉट, उम्मीदवार नहीं बदल सकेंगे पुराने जवाब।
SSC CGL 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार टियर-1 परीक्षा 30 सितंबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड (CBT) में कई शिफ्टों में होगी।
इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में 12,256 रिक्त पदों को भरा जाएगा। भर्ती के अंतर्गत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, ऑडिटर, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर और अन्य कई पद शामिल हैं।
100 प्रश्नों का होगा पेपर
टियर-1 परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 200 अंकों की होगी। प्रश्न चार अलग-अलग सेक्शन से आएंगे और प्रत्येक सेक्शन में 25 प्रश्न होंगे।
इन विषयों को शामिल किया गया है:
- जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग
- जनरल अवेयरनेस
- क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड
- इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन
प्रत्येक सेक्शन 50 अंकों का होगा। परीक्षा में करंट अफेयर्स, गणितीय क्षमता, तार्किक क्षमता और अंग्रेजी भाषा से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
इस बार क्या बदला?
SSC CGL 2026 में सबसे बड़ा बदलाव सेक्शन आधारित समय सीमा को लेकर किया गया है। उम्मीदवारों को पूरी परीक्षा के लिए 60 मिनट मिलेंगे, लेकिन हर सेक्शन के लिए केवल 15 मिनट का समय निर्धारित रहेगा।
15 मिनट पूरे होते ही संबंधित सेक्शन अपने आप सबमिट हो जाएगा और उम्मीदवार अगले सेक्शन में पहुंच जाएंगे। इसके बाद पहले वाले सेक्शन में लौटकर किसी प्रश्न का उत्तर बदलना या नया उत्तर देना संभव नहीं होगा।
नेगेटिव मार्किंग भी रहेगी लागू
परीक्षा में गलत उत्तर देने पर 0.50 अंक की कटौती की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को प्रश्नों का उत्तर सोच-समझकर देना होगा। अंग्रेजी सेक्शन को छोड़कर बाकी प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेंगे।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड?
आयोग की ओर से परीक्षा शहर (Exam City) और आवेदन स्थिति की जानकारी परीक्षा से लगभग 9 से 12 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से करीब 2 से 3 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे।
दिसंबर में हो सकता है टियर-2
SSC CGL भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। टियर-1 में सफल अभ्यर्थियों को टियर-2 परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। टियर-2 परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित किए जाने की संभावना है। अंतिम चयन दोनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।



