West Bengal : सुवेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के पहले BJP मुख्यमंत्री, जानिए उनके राजनीतिक सफर की 5 बड़ी बातें

West Bengal Election : पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी विधायक दल के नेता चुने गए। जानिए ममता बनर्जी के करीबी से बंगाल के पहले BJP मुख्यमंत्री बनने तक का उनका पूरा राजनीतिक सफर।

West Bengal Election : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए Suvendu Adhikari को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही वे राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शनिवार को कोलकाता के Brigade Parade Ground में उनका शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 294 में से 208 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन का अंत कर दिया है।

कभी Mamata Banerjee के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाने वाले सुवेंदु अधिकारी अब उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बन चुके हैं। नंदीग्राम आंदोलन से लेकर तृणमूल कांग्रेस के संगठन विस्तार तक, अधिकारी ने पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, दिसंबर 2020 में उन्होंने TMC छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।

सुवेंदु अधिकारी ने 2021 में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं 2026 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट से भी ममता को 15 हजार वोटों से हराया। भाजपा नेतृत्व ने इस जीत को बंगाल की राजनीति का टर्निंग पॉइंट बताया।

15 दिसंबर 1970 को पूर्वी मेदिनीपुर में जन्मे सुवेंदु अधिकारी वरिष्ठ नेता शिशिर कुमार अधिकारी के बेटे हैं। उन्होंने 2006 में विधायक के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया और बाद में लोकसभा सदस्य तथा राज्य मंत्री भी रहे। वे रवींद्र भारती विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल कर चुके हैं।

हालांकि उनका राजनीतिक जीवन विवादों से भी जुड़ा रहा। सारधा चिटफंड और नारद स्टिंग मामले में उनका नाम सामने आया था, हालांकि उन्होंने सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।

2026 चुनाव अभियान के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण, घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। भाजपा को मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में भी बढ़त मिली, जिसे पार्टी अपनी बड़ी रणनीतिक सफलता मान रही है।

Related Articles

Back to top button