adevertisment Adevertiisment banner

उमा भारती ने ट्वीट के जरिए उठाई उत्तर प्रदेश के पिछड़े वर्ग की बात, जानें क्या कहा?

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आज उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में ट्वीट के जरिए ‘पिछड़े और दलित’ की भागीदारी का मुद्दा उठाया है। सुश्री भारती ने सिलसिलेवार ट्वीट के जरिए लिखा है, ‘आज थोड़ी देर के बाद उत्तर प्रदेश की सरकार में कुछ नए चेहरे शामिल होने हैं। इसमें पिछड़े एवं दलित की ही प्रमुख रूप से भागीदारी हो, यह हमें ध्यान रखना चाहिए। आज के मंत्रिमंडल विस्तार में लोधी समाज एवं अन्य पिछड़े, दलित समाज की ठीक से भागीदारी हो जाए, उत्तरप्रदेश के भाजपा नेता आज इस पर सजग रहें।’

उन्होंने लिखा है, ‘मैं तो सभी की हूं तथा संसार के सभी अभावग्रस्त लोग मेरी आत्मा में बसते हैं। लेकिन पार्टी विशेष रूप से मुझे चुनाव प्रचार के समय लोधी समाज एवं अन्य पिछड़े समाज के क्षेत्र में भेजती है। जब वो मेरी अपील पर भाजपा को वोट देते हैं तो मुझे भी खुलेआम उनकी बात पार्टी से कहनी पड़ेगी।’

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा की देश में प्रचंड बहुमत से 2014 एवं 2019 में सरकारी बनी तथा कई प्रांतों में सारे देश की आबादी का बहुमत भाजपा के साथ रहा। श्री नरेंद्र मोदी सबके नेता हैं और सबको प्रिय हैं। पहली बार देश में सर्वाधिक पिछड़ी जातियों ने भाजपा को ही वोट दिया। लेकिन जब केंद्र और राज्यों में सरकारें बनती हैं तो पिछड़े, दलित एवं आदिवासी सत्ता में अपना स्थान खोजते हैं एवं कई बार उन्हें निराशा हाथ लगती है। सुश्री भारती विभिन्न मुद्दों पर पिछले कुछ दिनों से ट्वीट कर रही हैं, जो सबका ध्यान खींच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button