Anandiben Patel: UP की सभी यूनिवर्सिटीज में लागू होगी AI Policy, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का बड़ा ऐलान
Anandiben Patel: UP के उच्च शिक्षा संस्थानों में AI के उपयोग को बढ़ावा देने की तैयारी, छात्रों और शिक्षकों को भी मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण।
Anandiben Patel: उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित व्यवस्था लागू की जा सकती है। राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने इस संबंध में बड़ा संकेत देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में AI नीति लागू करने की दिशा में काम शुरू हो गया है।
दो समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कानपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बताया कि AI नीति को प्रभावी बनाने के लिए दो अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इनमें एक सलाहकार समिति और दूसरी क्रियान्वयन समिति शामिल है।
AI का सुरक्षित उपयोग सबसे बड़ी प्राथमिकता
राज्यपाल ने कहा कि AI आधुनिक शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रहा है। हालांकि, इसके दुरुपयोग को रोकना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ होना चाहिए।
छात्रों को नवाचार के लिए किया प्रेरित
आनंदीबेन पटेल ने छात्रों से अपील की कि वे ऐसे AI मॉडल विकसित करें जो किसानों, दिव्यांगजनों और मरीजों की मदद कर सकें। उन्होंने कहा कि AI केवल पढ़ाई का विषय नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे व्यावहारिक रूप से लागू कर समाज के लिए उपयोगी बनाया जाना चाहिए।
शिक्षकों और कर्मचारियों को भी मिलेगा प्रशिक्षण
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों में भी AI का उपयोग बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों को नई तकनीक के अनुरूप प्रशिक्षण देने की योजना पर भी काम किया जाएगा।
भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने पर जोर
उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से भारतीय संस्कृति, भाषा और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। विश्वविद्यालयों को तकनीक और परंपरा के संतुलन के साथ आगे बढ़ना चाहिए ताकि शिक्षा व्यवस्था और अधिक आधुनिक तथा प्रभावी बन सके।



