International News: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बड़ी पहल, दोहा में होगी बातचीत; होर्मुज जलडमरूमध्य पर दुनिया की नजर

तनाव कम करने की दिशा में बड़ा कदम, दोहा में तकनीकी स्तर की वार्ता में होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और क्षेत्रीय सुरक्षा पर होगी चर्चा।

International News: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान ने फिलहाल एक-दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बना ली है। दोनों देशों के बीच यह अस्थायी समझौता ऐसे समय हुआ है, जब हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ गया था। अब दोनों देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वार्ता शुरू होने से पहले दोनों पक्ष सैन्य कार्रवाई से पीछे हटने पर सहमत हुए हैं। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और क्षेत्रीय तनाव को कम करना होगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य रहेगा बातचीत का केंद्र

दोहा में होने वाली बैठक में सबसे अहम मुद्दा होर्मुज जलडमरूमध्य रहेगा। यह दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हालिया घटनाओं के बाद इस मार्ग की सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन गई है।

न्यूक्लियर वार्ता से बदला एजेंडा

जानकारी के अनुसार, यह बैठक पहले स्विट्जरलैंड में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा के लिए प्रस्तावित थी। लेकिन हालिया सैन्य तनाव को देखते हुए बैठक का स्थान बदलकर दोहा कर दिया गया और एजेंडा में होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

ट्रंप ने दी थी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि यदि होर्मुज से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा डाली गई, तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था।

11 दिन पहले हुआ था युद्धविराम

अमेरिका और ईरान के बीच कुछ दिन पहले ही संघर्ष विराम लागू हुआ था, लेकिन उसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और सीमित सैन्य गतिविधियों की खबरें सामने आती रहीं। ऐसे में दोहा में होने वाली वार्ता को युद्धविराम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

International News: कराची में धमाके और ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, पाकिस्तानी रेंजर्स के ऑफिस पर हमला; सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

वैश्विक बाजार की नजर बैठक पर

दोहा में होने वाली बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है। यदि दोनों देशों के बीच सहमति बनती है और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होती है, तो इससे न केवल मध्य पूर्व में तनाव कम होगा बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार को भी बड़ी राहत मिल सकती है।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button