UP News : उत्तर प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 2.23 करोड़ से अधिक किसानों का पंजीकरण पूरा
UP News : उत्तर प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत 2.23 करोड़ से अधिक किसानों का पंजीकरण पूरा। लक्ष्य का 77.43% कार्य संपन्न। अंश निर्धारण 87% पूरा, डिजिटल कृषि व्यवस्था को मिल रही मजबूती।
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश डिजिटल कृषि व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत अब तक 2.23 करोड़ से अधिक किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जो केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य का 77.43 प्रतिशत है।
प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत 5 नवंबर 2024 से की गई थी। केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के लिए कुल 2,88,70,495 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य तय किया है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार अब तक 2,23,54,644 किसानों का पंजीकरण हो चुका है, जबकि लगभग 65 लाख से अधिक किसानों का पंजीकरण शेष है।
राज्य सरकार ने इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और कृषि विभाग को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य किसानों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार करना है, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि अनुदान, ऋण सुविधा जैसी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी रूप से मिल सके।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अगले 30 दिनों के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं डिजिटल आईडी निर्माण प्रक्रिया 22 अगस्त 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।
इसके साथ ही भूमि रिकॉर्ड को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए अंश निर्धारण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जो अब तक 87.19 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इससे भूमि रिकॉर्ड की शुद्धता बढ़ेगी और भविष्य में विवादों में कमी आएगी।
अधिकारियों के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री अभियान प्रदेश की कृषि व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा। इससे वास्तविक किसानों की पहचान, योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और कृषि नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।



