Election Result 2026 : बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, जानिये कौन हैं अग्निमित्रा पॉल तो सीएम की रेस में सबसे आगे
Election Result 2026 : पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद अग्निमित्रा पॉल सीएम पद की सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरी हैं। जानिए उनका प्रोफाइल और राजनीति में सफर।
Election Result 2026 : भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ ही तृणमूल कांग्रेस का 15 वर्षों का शासन समाप्त हो गया है। राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही बीजेपी अब मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर मंथन कर रही है।
सीएम पद की दौड़ में सबसे प्रमुख नाम अग्निमित्रा पॉल का उभरकर सामने आया है। उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से टीएमसी उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40 हजार से अधिक वोटों से हराकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है। पॉल का राजनीतिक कद पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है।
25 नवंबर 1974 को आसनसोल में जन्मीं अग्निमित्रा पॉल एक शिक्षित और पेशेवर पृष्ठभूमि से आती हैं। उन्होंने लोरेटो कॉन्वेंट से प्रारंभिक शिक्षा और बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा लेकर उन्होंने ‘आईएनजीए’ ब्रांड के जरिए पहचान बनाई। उन्होंने श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती, काजोल और ईशा देओल जैसे सितारों के लिए डिजाइन तैयार किए।
ग्लैमर इंडस्ट्री में सफलता के बावजूद उन्होंने 2019 में बीजेपी का दामन थामकर राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद उन्हें पार्टी के महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और 2026 में राज्य उपाध्यक्ष बनाया गया। 2021 में पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बनीं पॉल ने खुद को एक आक्रामक और जमीनी नेता के रूप में स्थापित किया है।
पॉल ने महिलाओं की सुरक्षा, अवैध खनन, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई है। 2026 चुनाव में उनका फोकस औद्योगिक ठहराव, रोजगार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रहा, जिससे उन्हें खासकर महिला और शहरी मतदाताओं का समर्थन मिला।
बीजेपी नेतृत्व अब ‘महिला चेहरा’ सामने लाने की रणनीति पर विचार कर रहा है। हालांकि सीएम पद की रेस में सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य भी दावेदार हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि साफ छवि, प्रोफेशनल बैकग्राउंड और मजबूत कम्युनिकेशन स्किल के चलते अग्निमित्रा पॉल इस दौड़ में आगे हैं। अब नजर बीजेपी हाईकमान के अंतिम फैसले पर टिकी है।



