adevertisment Adevertiisment banner

आयकर विभाग का शिकंजा, दिल्ली-एनसीआर में गौड़ बिल्डर के 18 ठिकानों पर की छापेमारी

गाजियाबाद। लायक हुसैन। ( एक संदेश ब्यूरो ) दिल्ली आयकर विभाग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में दो बिल्डरों के यहां छापेमारी की। इंदिरापुरम के अभय खंड स्थित आइआरएस सोसायटी में बिल्डर के यहा आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। बुधवार सुबह से शाम तक चली छापेमारी में टीम ने घर बंद कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान किसी को घर से अंदर बाहर नहीं आने जाने दिया। अभय खंड स्थित आइआरएस सोसायटी में मूलरूप से बलिया के रहने वाले चंद्रजीत पाठक परिवार के साथ रहते हैं और वह बिल्डर हैं। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे दिल्ली इनकम टैक्स के अधिकारियों ने उनके घर छापेमारी की। छापेमारी से बिल्डर परिवार के अलावा आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। इनकम टैक्स की टीम ने परिवार के सभी सदस्यों से घंटों पूछताछ की। इस दौरान किसी को न तो घर से बाहर जाने दिया और न ही किसी को घर में आने दिया। सर्च के दौरान बिल्डर के घर साफ सफाई करने वाली मेड पहुंची तो उसे भी वापस भेज दिया गया। बिल्डर दो दिन पहले ही विदेश से लौटा है। बताया गया है कि रेड के चलते बिल्डर के घर पर खाना नहीं बना और मेड को भी वापस भेज दिया गया। जिसके चलते ऑनलाइन खाना मंगाया गया। बिल्डर के परिवार में 6 लोग बताए जा रहे हैं और खाना 10 से अधिक लोगों का मंगाया गया था। यह भी पता चला है कि अधिकारियों को छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौड़ बिल्डर के 18 ठिकानों पर छापेमारी की गई। जानकारी के मुताबिक आयकर चोरी के मामले में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में गौड़ बिल्डर के 18 ठिकानों पर छापेमारी की। देर शाम तक छापेमारी जारी रही, इस दौरान उक्त ठिकानों से न तो किसी को बाहर जाने दिया गया और न ही अंदर आने दिया गया, आयकर विभाग की टीम ने मौके पर दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। बिल्डर के विभिन्न बैंकों में खातों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। टीम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों एवं परिवार के सदस्यों से भी लंबी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक आयकर चोरी के मामले में बिल्डर के व्यापारिक सहयोगियों सहित चार्टेड अकाउंटेंट से भी आयकर टीम करेगी पूछताछ।

Related Articles

Back to top button