adevertisment Adevertiisment banner

कुख्यात विकास दुबे और उसके खास गुर्गे जय बाजपेयी की मदद करने वाले पुलिस कर्मियों पर कसेगा शिकंजा


कुख्यात विकास दुबे और उसके खास गुर्गे जय बाजपेयी  की मदद करने वाले पुलिस कर्मियों पर शिकंजा कसा जाएगा। इस मामले में जांच कर रही आईबी के पास आईपीएस अफसर समेत पुलिस कर्मियों की सम्पत्तियों का ब्योरा पहुंच गया है। इन सम्पत्तियों के आधार पर एजेंसी की जांच शुरू हो गई है। जांच छह माह में पूरी करने की सम्भावना जताई गई है। उसके बाद रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपी जाएगी।

आईबी जय बाजपेयी  के इतिहास के अलावा उन पुलिस कर्मियों की भी जांच कर रही है जिन्होंने बिकरू कांड के आरोपितों का सहयोग किया है। इसी कड़ी में आईबी के पास आईपीएस अधिकारी समेत पुलिस कर्मियों की सम्पत्तियों की सूची पहुंच चुकी है। यह सूची कितनी सही है इसके लिए आईबी द्वारा रजिस्ट्री कार्यालय में इन सम्पत्तियों के दस्तावेजों की जांच के अलावा पुलिस कर्मियों के बैंक खातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एजेंसी यह तलाश रही है कि सर्विस में रहते हुए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी करोड़पति कैसे बन गए। इनकी कमाई का स्रोत क्या था और पैसा जुटाने में इन्होंने किस तरह के प्रयास किए। साथ ही जो सम्पत्ति बनाई गई है वह किनके नाम पर बनी है।

सूत्र बताते हैं कि एजेंसी इस जांच को छह माह में निपटाने का दावा कर रही है। उसके बाद जो पुलिस कर्मी इस जांच में दोषी पाए जाते हैं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में आईबी के पास सात पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की सूची है। जिनकी सम्पत्ति का ब्योरा भी शामिल है। इसके अलावा एजेंसी यह भी देख रही है कि सात के अलावा और ऐसे कितने पुलिस कर्मी पर्दे के पीछे रहकर आरोपितों की मदद करते आए हैं।

Related Articles

Back to top button