UP News : यूपी में 19 नवंबर से फाइलेरिया अभियान, 16 जिलों में घर-घर मिलेगी दवा
UP News : उत्तर प्रदेश में 19 नवंबर से 5 दिसंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन के लिए एमडीए अभियान चलेगा। 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में 1.21 करोड़ लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है।

UP News : उत्तर प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 19 नवंबर से 5 दिसंबर तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाएगा। अभियान के तहत प्रदेश के 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में करीब 1.21 करोड़ लक्षित लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। इसकी सफलता के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य हेकाली झिमोमी ने अंतरविभागीय समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सभी 16 जिलों के जिलाधिकारियों से बात करेंगी और अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराएंगी।
गुरुवार को आयोजित स्टेट टास्क फोर्स की बैठक में प्रमुख सचिव ने एमडीए अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में शिक्षा, नगर विकास, पंचायती राज और यूपीएसआरएलएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख सचिव ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने जिलाधिकारियों से दवा सेवन करते हुए अपनी तस्वीर साझा करने की अपील करने की बात भी कही, ताकि आम लोगों में अभियान के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाई जा सके।
प्रवासी और दवा से इनकार करने वालों पर विशेष फोकस
इस बार एमडीए अभियान में प्रवासी लोगों, पहले कभी दवा नहीं खाने वालों और दवा सेवन से इनकार करने वाले व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान से पहले ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी संयुक्त रूप से गांवों में बैठक कर पात्र लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधि भी स्वयं दवा का सेवन कर लोगों को जागरूक करेंगे।
प्रमुख सचिव ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पात्र लोगों को दवा खिलाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक दवा पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं से अभियान की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
51 जिलों से घटकर 16 जिलों तक पहुंचा फाइलेरिया
राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि प्रदेश में फाइलेरिया का दायरा लगातार सिमट रहा है। पहले यह बीमारी 51 जिलों के 782 ब्लॉकों में फैली थी, जो अब 16 जिलों के 53 ब्लॉकों तक सीमित रह गई है।
इन जिलों में कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर और कौशांबी शामिल हैं। फतेहपुर में सबसे अधिक 11 ब्लॉक, सीतापुर में 10 और कानपुर देहात में सात ब्लॉकों में अभियान चलाया जाएगा।
10.61 लाख विशेष श्रेणी के लोगों पर नजर
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए 1,91,487 ऐसे लोगों की सूची तैयार की है, जिन्होंने अब तक कभी फाइलेरिया की दवा नहीं खाई है। इसके अलावा 5,38,351 प्रवासी और 3,31,368 दवा खाने से इनकार करने वाले लोगों को भी अभियान के दौरान दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
क्या है फाइलेरिया और क्यों जरूरी है दवा?
फाइलेरिया संक्रमित मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। संक्रमण के बाद कई बार लंबे समय तक इसके लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन संक्रमित व्यक्ति बीमारी के प्रसार की कड़ी बना रह सकता है। लंबे समय तक संक्रमण रहने पर हाथ-पैरों में असामान्य सूजन यानी हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीमारी से बचाव के लिए एमडीए अभियान के दौरान निर्धारित दवाओं का सेवन बेहद जरूरी है। स्वस्थ दिखाई देने वाले पात्र व्यक्तियों को भी अभियान के तहत दवा लेनी चाहिए।



