adevertisment Adevertiisment banner

सेनाओं में महिलाओं की भूमिका पर वेबिनार को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री

नई दिल्ली। सशस्त्र सेनाओं में महिलाओं को दिनों दिन दी जा रही नयी भूमिकाओं के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरूवार को शंघाई सहयोग संघ (एससीओ) के एक वेबिनार को संबाेधित करेंगे जिसमें सशस्त्र सेनाओं में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जायेगी। रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस वेबिनार में श्री सिंह उद्घाटन भाषण देंगे जबकि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत स्वागत भाषण देंगे।

एससीओ के सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी अपने अनुभव साझा करेंगे जिससे नीति निर्माताओं तथा उससे जुड़े लोगों को इस विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। वेबिनार का पहला सत्र ‘ लड़ाकू अभियानों में महिलाओं की भूमिका का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर होगा जिसकी अध्यक्षता एकीकृत रक्षा स्टाफ (चिकित्सा) लेफ्टिनेंट जनरल माधुरी कनितकर करेंगी। इस सत्र में भारत के अलावा चीन, कजाकिस्तान और किर्गिस्तान के वक्ता अपने अनुभव साझा करेंगे।

दूसरे सत्र की अध्यक्षता पूर्व विदेश सचिव श्रीमती निरूपमा राव मेनन करेंगी और इस सत्र का थीम ‘युद्धों में नये ट्रेंड और महिला यौद्धाओं की संभावित भूमिका ’ होगा। इसमें पाकिस्तान, रूस , ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। यह सम्मेलन गत वर्ष वीडियो कांफ्रेन्स के बजाय भौतिक स्वरूप में होना था हालाकि कोविड महामारी के चलते इसे उस समय आयोजित नहीं किया जा सका था। सम्मेलन में समापन भाषण एकीकृत रक्षा स्टाफ एवं चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष एयर मार्शल बी के कृष्णा करेंगे। वेबिनार में रक्षा मंत्रालय तथा सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

भारत ने सशस्त्र बलों में महिलाओं की भूमिका को पहचानते हुए उन्हें इसमें महत्वपूर्ण स्थान दिया है। इसे ध्यान में रखकर सरकार ने पिछले सात वर्षों में अनेक ऐसे कदम उठाये हैं जिससे महिलाओं के लिए सशस्त्र सेनाओं में अवसरों के द्वार खुले हैं। सेना, नौसेना और वायुसेना में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ रही है।

Related Articles

Back to top button