adevertisment Adevertiisment banner

रामगोविंद चौधरी ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- संसदीय लोकतंत्र की हुई हत्या

लखनऊ। नेता प्रतिपक्ष सपा नेता राम गोविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा ने नितिन अग्रवाल को उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाकर संसदीय लोकतंत्र की हत्या की है। मतदान में धांधली का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इसे इतिहास में काले अध्याय के तौर पर लिखा जाएगा। नितिन अग्रवाल के निर्वाचित होने के बाद वह सदन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कार्यमंत्रणा की बैठक में तय हुआ था कि मतपेटी को अध्यक्ष के आसन के सामने रखा जाएगा, पर उसे आसन के पीछे रखा गया। उन्होंने डिप्टी मार्शल के मतपेटी के निकट होने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह गोपनीय व निष्पक्ष मतदान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह जानते थे कि नितिन अग्रवाल ही जीतेंगे, पर संविधान की मर्यादा के लिए उन्होंने कुर्मी वर्ग से आने वाले नरेंद्र वर्मा को चुनाव लड़ाया।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि उपाध्यक्ष प्रत्याशी के लिए उन्होंने न तो लिखित, मौखिक अथवा फोन पर कभी बातचीत नहीं की। मुख्यमंत्री ने पूर्व से चली आ रही परम्परा को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब कम समय बचा है, और दोबारा सदन चलने का मौका शायद नहीं है, तो ऐसे में नितिन अग्रवाल को उपाध्यक्ष बनाने का औचित्य क्या है।

निष्पक्ष मतदान हुआ-अध्यक्ष

नेता प्रतिपक्ष के मतदान पर सवाल उठाने पर विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि उपाध्यक्ष का चुनाव निष्पक्ष सम्पन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने दायीं ओर मतपेटी की व्यवस्था कराई थी, ताकि उनकी नजर उस पर बनी रहे। डिप्टी मार्शल की भूमिका पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

Related Articles

Back to top button