adevertisment Adevertiisment banner

सोशल मीडिया में चर्चित आरिफ का दोस्त सारस पक्षी विहार से गायब

– समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया था

– अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा था निशाना

रायबरेली। सोशल मीडिया में चर्चित आरिफ का दोस्त सारस बुधवार को पक्षी विहार से गायब हो गया। जिससे वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को ही सारस को समसपुर पक्षी विहार लाया गया था। आरिफ से सारस को अलग करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना भी साधा था। दरअसल जामो के रहने वाले आरिफ और सारस पक्षी की दोस्ती सोशल मीडिया में काफी चर्चित है। इनकी दोस्ती को लेकर कई वीडियो वायरल हैं। हालांकि इसी बीच उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार को आरिफ के घर से लाये गए सारस पक्षी को समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया था। अब सारस पक्षी का पक्षी विहार में लोकेशन नहीं मिल रहा है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बुधवार चार बजे के बाद से सारस को नहीं देखा गया। सारस पक्षी उस समय चर्चा में आया था, जब आरिफ नाम के शख्स के साथ उसकी दोस्ती के किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। खुद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आरिफ और सारस की दोस्ती देखने जामो पहुंचे थे।

वन विभाग के अधिकारी कल आरिफ के घर पहुंचे थे। विभागीय अधिकारियों ने आरिफ को बताया कि सारस को स्वतंत्र वतावरण देने के लिए उसे खुले वातावरण में छोड़े जाने का आदेश हुआ है। जिसके बाद सारस को सलोन के समसपुर पक्षी विहार में लाकर छोड़ा गया था। इस कारवाई पर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा था और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। बुधवार को चार बजे से सारस लापता है।

क्षेत्रीय वन अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि चार बजे तक सारस को देखा गया था। इसके बाद से उसे नहीं देखा गया। टीम राउंड पर खोजबीन करने में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button