adevertisment Adevertiisment banner
Trending

उत्तराखंड: कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई, CM तीरथ ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में भी कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। इस पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना मास्क के घूमने वालों पर जुर्माने को 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया जाए। रात्रि कर्फ़्यू को सख्ती से लागू किया जाए। शादियों में लोगों की संख्या 200 से घटाकर 100 की जाए।

हालात बिगड़ने से रोकने के लिए गाइडलाइन का पालन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे जाकर स्थिति ज्यादा न बिगड़े, इसके लिए अभी से गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करवाया जाना है। जो भी इसका उल्लंघन करे, उसके खिलाफ कार्रवाई करने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। राज्य की सीमाओं पर आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित किए जाएं और बिना आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट के किसी को अनुमति न दी जाए।

कोविड की दवाईयों की कालाबाजारी पर हो सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के इलाज की जरूरी दवाईयों की ब्लैकमार्केटिंग न हो। अगर कोई दवा विक्रेता इसमें लिप्त पाया जाए तो तत्काल लाईसेंस निरस्त करते हुए सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। कोविड से संबंधित सभी जरूरी उपकरण सरकारी अस्पतालों में उपलब्घ होने चाहिए। दवाईयों की कीमतों पर भी नियंत्रण रखा जाए। जिन जिलों में ज्यादा मामले आ रहे हैं, वहां नोडल अधिकारी तैनात किये जाएं।

बाहर से आने वालों की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल चारधाम यात्रा और हेमकुण्ड साहिब की यात्रा पर आने वालों के लिए आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी जाए। इसके अलावा कोविड के बढ़ते मामलों से प्रदेश की आर्थिकी को होने वाले नुकसान को किस प्रकार कम से कम किया जा सकता है, इसकी भी कार्ययोजना बनाई जाए।

वैक्सीनेशन में लाई जाए तेजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन अभियान में भी तेजी लाई जाए। होम आइसोलेशन के लिए जरूरी प्रोटोकॉल का पूरा पालन करवाया जाए। साथ ही उन्हें जरूरी किट दी जाए और उनसे लगातार सम्पर्क रखा जाए।

Related Articles

Back to top button