Fashion & Lifestyle: Ice bag से फैशन आइकन तक, कैसे Tote Bag बना Gen-Z का फेवरेट स्टाइल स्टेटमेंट, जानिए दिलचस्प कहानी
Fashion & Lifestyle: आज अगर आप किसी कॉलेज कैंपस, ऑफिस या कैफे में जाएं, तो कंधे पर लटका एक बड़ा-सा चौकोर बैग जरूर दिखेगा, जिसे हम टोट बैग कहते हैं। सादगी भरे डिजाइन और यूनिक प्रिंट्स की वजह से यह बैग खासकर Gen-Z के बीच फैशन स्टेटमेंट बन चुका है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज का यह ट्रेंडी टोट बैग कभी बर्फ की सिल्लियां ढोने के लिए बनाया गया था?
दरअसल, ‘टोट’ शब्द का मतलब होता है ‘ढोना’ या ‘ले जाना’। साल 1944 में अमेरिकी ब्रांड L.L. Bean ने मोटे कैनवस से बना एक आइस बैग लॉन्च किया था, जिसका इस्तेमाल लोग घर तक बर्फ ले जाने के लिए करते थे। उस दौर में रेफ्रिजरेटर आम नहीं थे, इसलिए यह मजबूत और टिकाऊ बैग बेहद काम का साबित हुआ। किसी ने नहीं सोचा था कि यही बैग एक दिन फैशन की दुनिया में ट्रेंड बन जाएगा।
Also Read: New Delhi: विदेश मंत्रालय का ट्रेनिंग प्रोग्राम- विदेश में नौकरी पाने में हो रहा मददगार
1960 के दशक में लोगों ने इस बैग का इस्तेमाल ग्रोसरी और रोजमर्रा के सामान के लिए करना शुरू किया, जिसके बाद इसे ‘Boat and Tote’ नाम दिया गया। फिर 1980 के दशक में न्यूयॉर्क के मशहूर बुकस्टोर ‘द स्ट्रैंड’ ने प्रमोशनल कॉटन टोट बैग लॉन्च किए और यहीं से यह बैग पढ़े-लिखे, आर्ट-लवर और पर्यावरण के प्रति जागरूक लोगों की पहचान बन गया।
2010 के बाद टोट बैग्स ने सेल्फ-एक्सप्रेशन का रूप ले लिया। आज बाजार में सस्ते लोकल बैग्स से लेकर लग्जरी ब्रांड्स तक अपने-अपने डिजाइन पेश कर रहे हैं। मिनिमलिज्म, टिकाऊपन, यूनिसेक्स अपील और कस्टमाइजेशन की वजह से यह हर उम्र और जेंडर के लोगों की पसंद बन चुका है। यानी जो बैग कभी सिर्फ बर्फ ढोने के लिए बना था, वही आज Gen-Z के स्टाइल और सोच का नया प्रतीक बन गया है।
Written By: Kalpana Pandey



