Pakistan: इस्लामाबाद में 69 की मौत, 169 घायल ,जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में बड़ा आत्मघाती धमाका

Pakistan: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में हुए आत्मघाती हमले से पूरे देश में दहशत फैल गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस धमाके में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 169 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे इंसानियत के खिलाफ बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। वहीं संसदीय मामलों के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश का हौसला नहीं तोड़ सकतीं और सभी को शांति के लिए एकजुट रहना होगा।

Also Read:Fashion & Lifestyle: Ice bag से फैशन आइकन तक, कैसे Tote Bag बना Gen-Z का फेवरेट स्टाइल स्टेटमेंट, जानिए दिलचस्प कहानी

गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2025 में इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला अदालत के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार पाकिस्तान आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP), बलूच आर्मी और इस्लामिक स्टेट-खुरासान जैसे संगठनों की गतिविधियों में तेजी आने की बात कही गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button