सैंटियागो। चिली के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए विदेश राज्य मंत्री
सैंटियागो। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने चिली के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्ट से मुलाकात की। कीर्तिवर्धन सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और नवाचार सहित अपने द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की।

कीर्तिवर्धन सिंह चिली के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए राजधानी सैंटियागो पहुंचे थे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया और कहा कि भारत आने वाले प्रशासन के साथ संबंधों में एक ‘नया अध्याय’ शुरू करने तथा आपसी सहयोग और संवाद को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।
चिली पहुंचने पर राज्यमंत्री ने कहा कि भारत चिली के साथ अपनी गहरी और पुरानी दोस्ती को बहुत महत्व देता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि चिली के प्रेसिडेंशियल इनॉगरेशन समारोह से पहले प्रेसिडेंट-इलेक्ट जोस एंटोनियो कास्ट से मिलकर खुशी हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। ट्रेड, इन्वेस्टमेंट, जरूरी मिनरल्स, क्लीन एनर्जी और इनोवेशन के क्षेत्रों में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए चिली की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। भारत-चिली संबंधों में एक नए अध्याय की उम्मीद है।
भारत और चिली के बीच संबंध ऐतिहासिक रूप से मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहे हैं, जो पिछले कुछ वर्षों में एक मजबूत आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी में बदल गए हैं। दोनों देश वर्तमान में अपने संबंधों को एक ‘नए अध्याय’ की ओर ले जाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसमें व्यापार, ऊर्जा और रक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)



