लोकसभा में Amit Shah का कांग्रेस पर हमला, बोले- वामपंथी विचारधारा से फैला नक्सलवाद

लोकसभा में अमित शाह ने नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरा, कहा- वामपंथी विचारधारा से फैला नक्सलवाद। जानें उनके भाषण की बड़ी बातें।

नई दिल्ली। लोकसभा में ‘नक्सल मुक्त भारत’ पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश में नक्सलवाद के फैलाव के पीछे वामपंथी विचारधारा जिम्मेदार रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस समस्या को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक सफलता हासिल कर रही है।

गृह मंत्री ने बताया कि देश के 12 राज्य कभी नक्सलवाद से प्रभावित थे, जहां हिंसा और अविकास का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में अब नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और वहां तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन आदिवासी क्षेत्रों का विकास पहले नहीं किया गया, वहां अब केंद्र सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस आदिवासियों को मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दे पाई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद का संबंध गरीबी से नहीं, बल्कि गलत विचारधारा से है। रेड कॉरिडोर में नक्सली गतिविधियों के कारण ही विकास बाधित हुआ और गरीबी बढ़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलियों ने शिक्षा व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाया और स्कूलों को निशाना बनाया।

लोकतंत्र में बंदूक की राजनीति स्वीकार्य नहीं

गृह मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में बंदूक की राजनीति स्वीकार्य नहीं है। जो लोग हथियार उठाएंगे, उन्हें कानून के तहत जवाब दिया जाएगा, जबकि आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार मुख्यधारा में लाने के लिए हर संभव सहायता देगी।

उन्होंने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में माओवादी विचारधारा को बढ़ावा मिला, जिससे नक्सलवाद देश के कई हिस्सों में फैला। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि सरकार नक्सल हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नक्सली हथियार डाल दें, अन्यथा सरकार “गोली का जवाब गोली से” देगी।

Related Articles

Back to top button