होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका की सख्ती : ट्रंप ने जहाजों की नाकेबंदी का किया ऐलान, ईरान पर दबाव बढ़ा
अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया। डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए नौसेना को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
वॉशिंगटन। अमेरिका ने वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर नाकेबंदी का बड़ा ऐलान किया है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना को निर्देश दे दिए गए हैं कि वह इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को रोकने की कार्रवाई शुरू करे।
ट्रंप का यह बयान ईरान के साथ इस्लामाबाद में हुई लंबी लेकिन बेनतीजा वार्ता के बाद आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने इस समुद्री मार्ग को सुरक्षित और खुला रखने के अपने वादों का पालन नहीं किया है।
ट्रंप के अनुसार, होर्मुज क्षेत्र में बारूदी सुरंगों (माइंस) की आशंका के चलते पहले ही जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ऐसे में जहाज मालिकों के लिए जोखिम बढ़ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी बल उन जहाजों की पहचान करेंगे, जो ईरान को टोल देते हैं, और उन्हें रोका जाएगा।
परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी ट्रंप ने सख्त रुख अपनाते हुए दोहराया कि ईरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक ईरान इस दिशा में अपने कदम पीछे नहीं हटाता, तब तक बातचीत मुश्किल रहेगी।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका होर्मुज में मौजूद बारूदी सुरंगों को हटाने की कार्रवाई तेज करेगा और किसी भी हमले की स्थिति में कड़ी जवाबी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि इस अभियान में अन्य देश भी शामिल हो सकते हैं, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका है।



