PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसभा में पचास हजार महिलाएं संभालेगी व्यवस्था की कमान

PM Modi Varanasi Visit:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका)में 28 अप्रैल को प्रस्तावित विशाल जनसभा की कमान इस बार पचास हजार महिलाएं संभालेगी। नारी शक्ति को समर्पित जनसभा में महिलाएं प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत से लेकर व्यवस्था में भी भागीदारी करेंगी।

प्रधानमंत्री की जनसभा और उनके स्वागत को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी के पदाधिकारियों संग मैराथन बैठक की। बैठक में पार्टी के महानगर व जिला इकाइयों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी का एहसास कराया गया। बैठक में कार्यक्रम को पूरी तरह नारी सशक्तिकरण को समर्पित करते हुए इसकी कमान मातृशक्ति को सौंपने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यापक जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक जिम्मेदारियों के निर्धारण और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का मंत्र दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से अब तक महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उनकी सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

——प्रधानमंत्री का हर कार्यक्रम राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर कार्यक्रम राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक होता है और इस बार वाराणसी का आयोजन नारी सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण बनेगा। उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटें, ताकि यह कार्यक्रम देशभर में एक संदेश दे सके कि भारत की नारी नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं महिलाओं की आर्थिक उन्नति और सामाजिक सम्मान को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में भी चर्चा हुई। धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस अधिनियम को संसद में प्रस्तुत किया गया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया, उनका महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया । वहीं, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का रवैया महिलाओं के प्रति नकारात्मक रहा है।

पचास हजार महिलाएं करेंगी स्वागत

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार, बरेका परिसर में आयोजित होने वाले जनसभा कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2026 में प्रथम काशी आगमन पर उनका भव्य स्वागत करेंगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल स्वागत का अवसर होगा, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जब कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी मातृशक्ति संभालेगी, तब यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा और देशभर में एक सकारात्मक संदेश देगा।

बैठक में क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, मनीष कपूर,

जगदीश त्रिपाठी, नवरतन राठी आदि उपस्थित रहे।

Read Also-Bollywood News-अक्षय तृतीया पर ‘वाल्मीकि रामायण’ का नया पोस्टर जारी

Related Articles

Back to top button