UP Mau News: लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में मऊ के वकीलों का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, टूटे चैंबरों के पुनर्निर्माण और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई
UP Mau News: लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज और उनके चैंबर तोड़े जाने की घटना के विरोध में सोमवार को मऊ जनपद के कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने जोरदार प्रदर्शन किया। वकीलों ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश राय की अध्यक्षता तथा महामंत्री सतिराम यादव के संचालन में कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध सभा आयोजित की गई। सभा में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने लखनऊ की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था पर हमला बताया।
जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन के बाद कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन से मिला। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वाले तथा चैंबर तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
क्षतिपूर्ति और पुनर्निर्माण की मांग
अधिवक्ताओं ने मांग की कि जिन वकीलों के चैंबर तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए तथा चैंबरों का पुनर्निर्माण कराया जाए।
इसके साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में तत्काल ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू करने की मांग भी उठाई गई।
“अधिवक्ताओं के सम्मान और स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर लखनऊ की घटना के दोषियों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।”
— दिनेश राय, अध्यक्ष, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, मऊ
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान कलेक्ट्रेट बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित पूर्व मंत्री अतुल राय, अरविंद सिंह, उमाशंकर यादव, रफी उल्ला, राजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री संजय सिंह, राम प्रकाश सिंह, पंकज राय, संतोष श्रीवास्तव, हरि उपाध्याय, आशीष राय, सतीश कुमार पांडेय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इस कार्रवाई का विरोध किया।



