adevertisment Adevertiisment banner

Sonbhadra News: दो दशक से जिले में तैनाती, पत्नी के नाम करोड़ों की संपत्ति होने की चर्चा ने खड़े किए सवाल

मुख्य चिकित्साधिकारी के चहेते मलेरिया निरीक्षक की ऊंची पहुंच के आगे बेबस दिख रहा स्वास्थ्य विभाग

Sonbhadra News:जनपद के स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से जमे एक जिला मलेरिया निरीक्षक की कार्यप्रणाली और कथित आय से अधिक संपत्ति का मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। करीब दो दशक से जिले में तैनात मलेरिया निरीक्षक की पत्नी के नाम राबर्ट्सगंज और घोरावल क्षेत्र में करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति होने की खबरों ने विभागीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला केवल संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से एक ही जनपद में तैनाती और कथित प्रभाव के चलते कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, संबंधित कर्मचारी की संपत्ति और आय के स्रोतों को लेकर पूर्व में भी शिकायतें शासन स्तर तक पहुंच चुकी हैं। बताया जाता है कि वर्ष 2023 में तत्कालीन जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में शासन को पत्राचार किया गया था। वहीं, जनप्रतिनिधियों की ओर से भी मामले को उठाए जाने की चर्चा है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से जांच और जवाबदेही को लेकर सवाल गहराते जा रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के स्तर से मामला शासन तक पहुंच चुका है तो फिर जांच की प्रक्रिया किस स्तर पर अटकी हुई है? क्या संबंधित कर्मचारी की संपत्ति और आय के स्रोतों का निष्पक्ष सत्यापन कराया गया है? यदि नहीं, तो आखिर इसकी वजह क्या है।
प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का दावा करती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है। साथ ही यह भी देखना होगा कि लंबे समय से एक ही जिले में तैनाती के पीछे कोई प्रशासनिक कारण है या फिर विभागीय स्तर पर किसी तरह का संरक्षण मिल रहा है। फिलहाल, पूरे मामले में शासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Read Also-Entertainment News: बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म ‘रामायण’ का जलवा

रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र

Related Articles

Back to top button