UP Mau Religious News: अमिला टेघना में गूंजी भक्ति की बयार, कथावाचक प्रणव चतुर्वेदी ने सुनाया ध्रुव चरित्र और राजा पृथु का प्रसंग
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दक्ष प्रजापति, माता सती और भगवान शिव के प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
UP Mau Religious News: स्थानीय क्षेत्र के टेघना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के मुख्य व्यासपीठ से प्रख्यात कथावाचक प्रणव चतुर्वेदी जी महाराज ने संगीतमय वाणी में भगवान के अनन्य भक्त ध्रुव के चरित्र का जीवंत वर्णन किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अखंड भक्ति के माध्यम से ईश्वर की प्राप्ति संभव है।
वंश परंपरा और राजा पृथु का दिव्य प्रसंग
कथावाचक ने ध्रुव जी की वंश परंपरा का उल्लेख करते हुए राजा अंग, राजा वेन और महाराज पृथु के प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब राजा वेन के अत्याचारों से पृथ्वी और प्रजा त्रस्त हो गई, तब महर्षियों ने उनके मंथन से परम प्रतापी राजा पृथु को प्रकट किया। राजा पृथु ने पृथ्वी को अन्न-धान्य से परिपूर्ण कर प्रजा का कल्याण किया, जो आज के शासकों के लिए भी एक महान प्रेरणा है।
दक्ष प्रजापति का अहंकार और माता सती का त्याग

कथा के अगले क्रम में दक्ष प्रजापति और भगवान शंकर के बीच हुए मनोमालिन्य की कथा सुनाई गई। कथावाचक ने बताया कि किस प्रकार अहंकार के वश में आकर दक्ष प्रजापति ने भगवान शिव का अपमान किया, जिससे आहत होकर माता सती ने अपने पिता के यज्ञ कुंड में योगाग्नि द्वारा स्वयं को भस्म कर लिया। इस मार्मिक प्रसंग को सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
UP Mau: भक्ति रस में डूबा टेघना गांव: कपिल देवहूति प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दीनानाथ सिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), सूर्यनाथ सिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), संतोष सिंह (पूर्व प्रधान), रंजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह तथा राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा सत्र का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।



