adevertisment Adevertiisment banner

UP News : ‘जो बोली से नहीं माना, वो गोली से जरूर मान गया’, कुशीनगर में सीएम योगी का बड़ा बयान:

UP News : कुशीनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹424 करोड़ से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, राम मंदिर और फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने के प्रस्ताव पर बड़ा बयान दिया।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास और विपक्षी दलों को लेकर तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश कट्टा-बम बनाने वालों के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यही प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने शोहदों को ठीक किया है, जो बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट भी वितरित किए गए।

फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फाजिलनगर का नाम बदलकर “पावागढ़” करने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भगवान महावीर की विरासत से जुड़ा है और नए नाम के साथ इसे राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान मिलेगी।

कुशीनगर में बदली विकास की तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि एक समय कुशीनगर इंसेफेलाइटिस, बेरोजगारी, भुखमरी और माफिया राज की पहचान बन गया था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज यहां मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी बड़ी सुविधाएं विकसित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में करीब 90 हजार गरीबों को आवास, 3.14 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य और समय पर भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

इंसेफेलाइटिस और माफिया पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार इंसेफेलाइटिस की बीमारी लगभग समाप्त हो चुकी है, उसी तरह प्रदेश से माफिया राज भी खत्म हो गया है। उन्होंने कहा, “मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन हमारी सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।”

राम मंदिर और विकास पर भी बोले मुख्यमंत्री

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने राम मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और उत्तर प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बन रहा है।

लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र और सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट वितरित किए।

इसके अलावा तमकुही राज और फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, विद्युत उपकेंद्रों, पुलिस अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।

Related Articles

Back to top button