International News: ग्रनाडा के ऐतिहासिक मंच पर गूंजा भारत, शास्त्रीय संगीत और नृत्य ने बटोरी खूब तालियां

स्पेन के प्रतिष्ठित इंटरनेशनल फेस्टिवल में भारतीय कलाकारों ने दी यादगार प्रस्तुति, पंडित रवि शंकर को दी संगीतमय श्रद्धांजलि।

International News: स्पेन के ऐतिहासिक शहर ग्रनाडा में आयोजित प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ म्यूजिक एंड डांस’ के 75वें संस्करण में इस बार भारतीय शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक नृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया। विशेष भारतीय प्रस्तुतियों ने न केवल स्थानीय बल्कि दुनियाभर से आए कला प्रेमियों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।

11 जून से शुरू हुआ यह विश्वप्रसिद्ध सांस्कृतिक महोत्सव 12 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसी क्रम में स्पेन स्थित भारतीय दूतावास और ‘कासा डे ला इंडिया’ के संयुक्त सहयोग से आयोजित विशेष भारतीय कार्यक्रम ‘एल सुएनो डेल सितार’ (द ड्रीम ऑफ सितार) इस वर्ष के महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा।

यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल ऐतिहासिक अलहम्ब्रा महल परिसर और उसके मनमोहक जनरलइफ गार्डन की भव्य पृष्ठभूमि में आयोजित इस प्रस्तुति ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर नई पहचान दी। कार्यक्रम महान सितार वादक पंडित रवि शंकर को समर्पित था, जिसमें भारतीय और पश्चिमी संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला।

स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि पंडित शुभेंद्र राव के नेतृत्व वाले प्रसिद्ध सितार समूह तथा रामा वैद्यनाथन के नेतृत्व वाले भरतनाट्यम दल ने ग्रनाडा फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा और स्पेनिश फ्लेमेंको कलाकारों के साथ मिलकर “द ड्रीम ऑफ सितार” की शानदार प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से महान संगीतकार पंडित रवि शंकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

International News: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बड़ी पहल, दोहा में होगी बातचीत; होर्मुज जलडमरूमध्य पर दुनिया की नजर

भारतीय दूतावास के अनुसार, भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के ‘डुअल ईयर’ के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक सहयोग और मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक है।

कार्यक्रम के समापन पर विदेशी और स्थानीय स्पेनिश दर्शकों ने भारतीय और स्पेनिश कलाकारों के संयुक्त दल का स्टैंडिंग ओवेशन देकर स्वागत किया। ‘भारत-स्पेन संस्कृति एवं पर्यटन वर्ष’ के तहत ग्रनाडा के ऐतिहासिक मंच पर प्रस्तुत यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और स्पेन के बीच गहराते मैत्रीपूर्ण और सांस्कृतिक संबंधों का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Back to top button