UP CM YOGI-गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने दी तीन उद्यमियों-समाजसेवियों को दी श्रद्धांजलि

UP CM Yogi pays tribute to three entrepreneurs and social workers in Gorakhpur.

UP CM YOGI-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के तीन उद्यमियों-समाजसेवियों ओमप्रकाश जालान, बालकृष्ण सराफ और दर्शन देवी के घर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गोरक्षपीठ के प्रति अगाध आस्था रखने वाले तीनों दिवंगतजन की उद्यमिता, कारोबार, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण में योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले जंगल नकहा नंबर दो स्थित ओमप्रकाश जालान के आवास पर जाकर पहुंचे। पूर्वांचल के प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी रहे ओमप्रकाश जालान का 8 जुलाई को निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जालान के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और शिवावतार महायोगी गोरखनाथ जी से उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने स्वर्गीय जालान की पत्नी पूनम जालान, पुत्रों अनुज जालान, तनुज जालान व अन्य परिजनों से भी मुलाकात की। आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोलघर के गांधी गली स्थित बालकृष्ण सराफ के घर आए। कारोबारी, समाजसेवी और राम मंदिर आंदोलन के समर्पित कार्यकर्ता रहे बालकृष्ण सराफ का 4 जुलाई को निधन हो गया था। मुख्यमंत्री योगी ने स्वर्गीय सराफ के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने स्मृतिशेष सराफ के पुत्रों अतुल सराफ, अनूप सराफ और अन्य परिजनों से आत्मीयतापूर्ण संवाद किया और उन्हें ढांढस बंधाया।

शोक संवेदना व्यक्त करने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी गीता प्रेस के ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल के हरिओम नगर स्थित आवास पर गए। उन्होंने 8 जुलाई को गोलोकवासी हुईं देवीदयाल की माता दर्शन देवी पत्नी स्वर्गीय बैजनाथ अग्रवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दर्शन देवी के पुत्रों दीनदयाल अग्रवाल, देवीदयाल अग्रवाल, माधव प्रसाद अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, हरि अग्रवाल और अन्य परिजनों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।

Read Also-Pratapgarh News-शिक्षकों को मुख्य मंत्री कैशलेश स्वास्थ्य बीमा कार्डवितरित

Related Articles

Back to top button