Sports News: पीवी सिंधु जापान ओपन के दूसरे दौर में, चोट के कारण सात्विक-चिराग मैच से हटे
Sports News: PV Sindhu advances to the second round of the Japan Open; Satwik and Chirag withdraw from their match due to injury.
Sports News:सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को कंधे की चोट के कारण अपना पहला मुकाबला बीच में छोड़ने को मजबूर होना पड़ा।
विश्व की 10वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 21-14, 21-11 से हराकर आसान जीत दर्ज की। सिंधु ने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और अपने सटीक स्मैश, ड्रॉप शॉट और बेहतरीन नेट गेम के दम पर सीधे गेमों में जीत हासिल की।
दूसरी ओर विश्व नंबर-4 भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विक-चिराग को डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ पहला गेम 19-21 से गंवाने के बाद मुकाबले से हटना पड़ा। सात्विक के कंधे की पुरानी चोट फिर उभर आई, जिसके चलते दोनों खिलाड़ियों ने मैच जारी नहीं रखा।
मुख्य युगल कोच तान किम हर ने बताया कि सात्विक-चिराग अगले सप्ताह होने वाले चाइना ओपन में भी हिस्सा नहीं लेंगे। दोनों खिलाड़ी अब पूरी तरह फिट होने के लिए पुनर्वास (रिहैब) पर ध्यान देंगे, ताकि अगस्त में भारत में होने वाली विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में पूरी तरह तैयार होकर उतर सकें।
मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली।
हालांकि, रोहन कपूर और ऋत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी पहले ही दौर में बाहर हो गई। उन्हें चीन के शीर्ष वरीय फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग ने 21-11, 21-10 से हराया।
अब पुरुष युगल में भारत के हरिहरन अम्साकरुनन और एम.आर. अर्जुन का सामना चीनी ताइपे की ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन की जोड़ी से होगा।



