UP Upcoming Election: मुरादाबाद में विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, प्रत्याशी चयन के लिए सपा ने बढ़ाई सर्वे की रफ्तार
नगर और कुंदरकी सीट पर कई दावेदार चर्चा में, संगठन स्तर पर फीडबैक के आधार पर टिकट तय होने के संकेत।
UP Upcoming Election:आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद जिले की अहम सीटों पर प्रत्याशी चयन की कवायद तेज कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता और स्थानीय समीकरणों का आकलन करने के लिए दो चरणों में सर्वे कराया जा चुका है। बताया जा रहा है कि सर्वे में मुख्य रूप से मुरादाबाद नगर और कुंदरकी विधानसभा सीट पर संभावित दावेदारों का फीडबैक लिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि नगर सीट के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है। इनमें पूर्व विधायक यूसुफ अंसारी, जिलाध्यक्ष जयवीर यादव, लाखन सिंह सैनी और राहुल सिंह प्रमुख बताए जा रहे हैं। वहीं कुंदरकी सीट पर पूर्व विधायक हाजी रिजवान, अकीलुर्रहमान, जिला पंचायत सदस्य नावेद बबलू और अनीस चौधरी के नामों को लेकर भी कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर चर्चा है।
राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि यदि पार्टी सामाजिक और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नगर सीट पर नया प्रयोग करती है, तो चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है। हालांकि टिकट वितरण को लेकर अभी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया फिलहाल प्रदेश नेतृत्व के स्तर पर चल रही है। अभी जिला स्तर पर टिकट के लिए आवेदन आमंत्रित नहीं किए गए हैं और अंतिम निर्णय संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सर्वे रिपोर्ट तथा अन्य राजनीतिक समीकरणों के आधार पर लिया जाएगा।
मुरादाबाद नगर और कुंदरकी सीटों पर कई अन्य नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कुंदरकी सीट पर बाहरी जिलों से जुड़े कुछ प्रभावशाली नेताओं की भी नजर बनी हुई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जिले की अधिकांश सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि बाद में कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार दोनों सीटों को लेकर संगठन विशेष रणनीति के साथ आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।
Read Also-UP News : BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित – तीन बार बने थे विधायक



