UP News : BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित – तीन बार बने थे विधायक
UP News : बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का कैंसर के चलते निधन हो गया। बलिया के रसड़ा से तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह का राजनीतिक सफर और उनसे जुड़े विवाद जानिए।
UP News : बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से उत्तर प्रदेश की राजनीति, खासकर पूर्वांचल क्षेत्र में शोक की लहर है।
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा तहसील के खनवर गांव के निवासी थे। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। वर्ष 2012, 2017 और 2022 में उन्होंने रसड़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि 2017 में प्रदेश में भाजपा की प्रचंड लहर के बावजूद उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल कर वह BSP के इकलौते विधायक बने।
राजनीतिक सफर में रहे विवाद
उमाशंकर सिंह का राजनीतिक जीवन विवादों से भी अछूता नहीं रहा। वर्ष 2013 में उनके खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि विधायक रहते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सरकारी ठेके लेकर सड़क निर्माण कार्य कराया, जो जनप्रतिनिधियों से जुड़े नियमों के विरुद्ध बताया गया।
लोकायुक्त की जांच में उन्हें दोषी माना गया। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर कार्रवाई हुई और जनवरी 2017 में उनकी विधायकी समाप्त कर दी गई। हालांकि, उन्होंने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी और मामला कानूनी प्रक्रिया से भी गुजरा।
पूर्वांचल की राजनीति में बड़ा चेहरा
उमाशंकर सिंह को पूर्वांचल में BSP का मजबूत और प्रभावशाली चेहरा माना जाता था। संगठन कमजोर होने के बावजूद उन्होंने लगातार तीन चुनाव जीतकर अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया। उनके निधन को बहुजन समाज पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक क्षति माना जा रहा है।



