Bollywood News: मालामाल वीकली 2′ के लिए बनी बड़ी जोड़ी
Bollywood News: Major pairing formed for 'Malaamal Weekly 2'
Bollywood News:परेश रावल की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘मालामाल वीकली’ की अगली कड़ी ‘मालामाल वीकली 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म में नए कलाकारों के जुड़ने के बाद अब इसके निर्माण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। खबरों के मुताबिक, फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाने के लिए निर्माता सुभाष काले और एस. चंद्रप्रकाश जैन साथ आए हैं। फिल्म का निर्देशन अमित जोशी करेंगे और टीम इसे एक बड़े थिएट्रिकल कॉमेडी एंटरटेनर के तौर पर पेश करने की तैयारी में है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माताओं ने फिल्म के लिए मजबूत प्रोडक्शन और वित्तीय सपोर्ट को ध्यान में रखते हुए यह साझेदारी की है। सुभाष काले के पास ‘पद्मावत’ और ‘स्त्री’ जैसी फिल्मों में तकनीकी और प्रोडक्शन से जुड़े काम का अनुभव है, जबकि एस. चंद्रप्रकाश जैन लंबे समय से व्यापार और वितरण क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों की विशेषज्ञता को मिलाकर फिल्म के प्रोडक्शन, वीएफएक्स, पोस्ट-प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन को बड़े स्तर पर तैयार किया जाएगा।
‘मालामाल वीकली 2’ में परेश रावल के साथ रितेश देशमुख, राजपाल यादव, रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, शिल्पा शिरोडकर और एल्विश यादव जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2026 तक शुरू होने की उम्मीद है। निर्माताओं का लक्ष्य इसे बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज करना है। परेश रावल की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में नए कलाकारों की एंट्री और बड़े प्रोडक्शन स्केल के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘मालामाल वीकली 2’ दर्शकों को कितना गुदगुदा पाती है।



