New Delhi News: भारत-वियतनाम सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार, ‘एक्ट ईस्ट’ नीति को भी बढ़ावा

19वीं संयुक्त आयोग बैठक में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

New Delhi News:भारत और वियतनाम के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग ने 19वीं भारत-वियतनाम संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक, रक्षा और सुरक्षा समेत द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

बैठक में दोनों पक्षों ने माना कि वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एवं राष्ट्रपति टो लाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ताओं से दोनों देशों की संवर्धित व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिली है।

रक्षा और व्यापार सहयोग बढ़ाने पर जोर

बैठक में भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साथ मेड-इन-इंडिया रक्षा उपकरणों के सह-उत्पादन और आपूर्ति की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

इसके अलावा कृषि, समुद्री उत्पादों और फार्मास्यूटिकल्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाजार पहुंच बढ़ाने तथा आर्थिक सहयोग को विस्तार देने पर विचार-विमर्श हुआ।

2027 होगा ‘भारत-वियतनाम मित्रता वर्ष’

भारत और वियतनाम के बीच राजनयिक संबंधों के 55 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वर्ष 2027 को ‘भारत-वियतनाम मित्रता वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। दोनों देशों का मानना है कि इससे आपसी सांस्कृतिक संबंधों और जन-जन के संपर्क को और मजबूती मिलेगी।

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, ‘विजन महासागर’ और इंडो-पैसिफिक दृष्टिकोण में वियतनाम एक महत्वपूर्ण साझेदार है। उन्होंने आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी में भी वियतनाम की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

बैठक में क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Read Also-Pratapgarh News: महंगाई व बिजली कटौती से जनता हो उठी है त्रस्त-मोना

Related Articles

Back to top button