Sports News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के फिनिशर मेडल का किया अनावरण

Sports News: Chief Minister Rekha Gupta unveiled the finisher medal for the Vedanta Delhi Half Marathon.

Sports News:वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस-वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण के प्रतिष्ठित फिनिशर मेडल का बुधवार को अनावरण किया गया। दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मेडल का अनावरण किया। यह मेडल हर धावक के लिए उपलब्धि और फिनिश लाइन तक पहुंचने की उसकी मेहनत का प्रतीक है।

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगा। भारत और दुनिया भर से हजारों धावक राजधानी की सड़कों पर एक लक्ष्य के साथ उतरेंगे और होगा फिनिश लाइन पार करना और अपना मेडल हासिल करना।

पिछले दो दशकों में यह आयोजन दिल्ली की खेल पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। यह फिटनेस, भागीदारी और रनिंग के जज्बे के उत्सव के रूप में पूरे शहर को एक साथ लाता है। कई मायनों में इसकी स्थायी विरासत एक फिट और स्वस्थ भारत के उस विजन को दर्शाती है, जिसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वास्थ्य, फिटनेस, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और व्यापक सामाजिक-आर्थिक तथा परोपकारी प्रभाव पर केंद्रित वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन राष्ट्रीय राजधानी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बन गई है। प्रतिभागियों का उत्साह और खुशी वास्तव में प्रेरणादायक है और दिल्ली सरकार इस आयोजन के साथ मजबूती से खड़ी है, ताकि इसका यह संस्करण और भी सफल हो।”

कपिल मिश्रा (श्रम, रोजगार एवं पर्यटन मंत्री, दिल्ली सरकार) ने इस अवसर पर कहा, “वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन दिल्ली के वार्षिक कैलेंडर का महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है, जो देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोगों को एक साथ लाता है। दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन ऐसे खेल आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, जो दिल्ली को एक पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत करते हैं। हम 18 अक्टूबर को होने वाले इस संस्करण को भव्य रूप से सफल बनाने के लिए उत्सुक हैं।”

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 2026 का फिनिशर मेडल भारत की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और प्रत्येक धावक की व्यक्तिगत यात्रा को एक साथ जोड़ता है। यह मेडल उच्च गुणवत्ता वाले जिंक से तैयार किया गया है, जिसे उदयपुर स्थित ऐतिहासिक जावर माइंस से प्राप्त किया गया है। जावर माइंस दुनिया के सबसे पुराने जिंक खनन क्षेत्रों में से एक है। मेडल का निर्माण वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने किया है।

अपने नए और आकर्षक डिजाइन के साथ 2026 का फिनिशर मेडल फिनिश लाइन पार करने वाले हर धावक की उपलब्धि का जश्न मनाता है। यह सिर्फ रेस के दिन मिलने वाली स्मृति नहीं है, बल्कि हर प्रतिभागी की मेहनत, दृढ़ संकल्प और व्यक्तिगत जीत का प्रतीक है, जो फिनिश लाइन तक पहुंचने को सार्थक बनाती है।

मेडल का अनावरण ऐसे समय हुआ है जब इस रेस को दिल्लीवासियों से अभूतपूर्व उत्साह मिल रहा है। हाफ मैराथन के लिए पंजीकरण केवल 100 घंटे में बंद हो गया, जो आयोजन के इतिहास में सबसे तेज पंजीकरण समापन है। द ग्रेट दिल्ली रन, चैंपियंस विद डिसेबिलिटी और सीनियर सिटीजन रन को भी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और इनके पंजीकरण तेजी से भर रहे हैं।

यह दिल्ली में फिटनेस और दौड़ के प्रति बढ़ते जुनून को दर्शाता है। साथ ही यह भी बताता है कि वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन किस तरह एक ऐसे उत्सव में बदल गया है, जो गति, भागीदारी और उद्देश्य के माध्यम से पूरे शहर को एक साथ जोड़ता है।

श्रीपद शेंडे, चीफ मार्केटिंग ऑफिसर, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने कहा, “हर रनर के लिए फिनिशर मेडल इस बात की सशक्त याद दिलाता है कि बड़ी उपलब्धियां निरंतरता, अनुशासन और दृढ़ता से हासिल होती हैं। मैराथन की तरह वित्तीय खुशहाली की यात्रा भी एक-एक कदम आगे बढ़ते हुए तय होती है—स्पष्ट लक्ष्यों और लगातार आगे बढ़ते रहने के संकल्प के साथ। पिछले वर्षों में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन सिर्फ एक दौड़ नहीं रह गई है, बल्कि यह फिटनेस, दृढ़ता और सामूहिक खुशहाली का जश्न मनाने वाला एक आंदोलन बन चुकी है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में हमारा ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण दीर्घकालिक प्रगति को सक्षम बनाने पर आधारित है और हमें गर्व है कि हम ऐसे आयोजन का समर्थन कर रहे हैं, जो लोगों को खुद को चुनौती देने और एक फिट तथा स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।”

Read Also-Lucknow News-पीएम मोदी के जन्मदिन पर अस्पतालों में गूंजेगा सेवा का संकल्प

Related Articles

Back to top button